आंधी-पानी से बचने के लिए ट्रक के नीचे छुपी महिला और उसके एक साल के बेटे की पहियों के नीचे दबने से मौत हो गई। घटना के बाद से चालक फरार है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
सेक्टर-88 में एक स्कूल की इमारत का निर्माण कार्य चल रहा है। यूपी के महोबा जिले का रहने वाला रामचरण अपनी पत्नी ममता के साथ इमारत में मजदूरी कर रहा है।
इमारत के लिए निर्माण सामग्री लेकर एक ट्रक वहां आया था। अनलोड होने के बाद ट्रक वहां खड़ा था कि अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश होने लगी। पास ही काम कर रहे आठ दस मजदूर बारिश से बचने के लिए ट्रक के पिछले हिस्से में बॉडी के नीचे छिप कर बैठ गए। इस दौरान चालक ने ट्रक बैक कर दिया।
एक साल के बच्चे अजय को गोद में लिए बैठी रामचरण की पत्नी ममता पहिये के नीचे आ गई। इसमें मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। मजदूरों में चीख पुकार मच गई।
शोर सुनकर चालक ट्रक से कूद कर फरार हो गया। खेड़ी चौकी इंचार्ज बसंत कुमार ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। रामचरण की तहरीर पर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। मां-बेटे के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं।