इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ के जवानों ने 21 करोड़ रुपये कीमत की 7 किलो प्रतिबंधित ड्रग एम्फैटेमिन के साथ आस्ट्रेलियाई नागरिक मोहम्मद उमर तुरै को पकड़ा है। उसे कस्टम विभाग के हवाले कर दिया गया है।
सीआईएसएफ के प्रवक्ता हेमेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार सुबह टर्मिनल तीन पर सर्विलांस टीम विदेशी यात्रियों के सामान की जांच कर रही थी। एक्सरे मशीन में एक यात्री के बैग में कुछ संदिग्ध चीज दिखी।
तलाशी में बैग के तले में काले रंग का पाउच मिला। इसमें 7 किलो सफेद पाउडर था। मोहम्मद उमर तुरै को हिरासत में लेकर कस्टम विभाग को सूचना दी गई।
कस्टम अधिकारियों ने जांच के बाद बताया कि पाउडर प्रतिबंधित एम्फैटेमिन ड्रग है। मोहम्मद उमर तुरै ड्रग की खेप को लेकर एयर इंडिया की फ्लाइट से मेलबर्न जा रहा था।