मुखर्जी नगर इलाके में बुधवार रात कपड़ा व्यवसायी की ऑडी कार ने तीन साल की बच्चे को कुचल दिया। बच्चे की घटनास्थल पर मौत हो गई।
घटना के बाद चालक ने कार छोड़कर भागने का प्रयास किया लेकिन आसपास के लोगों ने आरोपी को दबोच कर उसकी जमकर धुनाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। मुखर्जी नगर थाना पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक नीरज कुमार (26) सपरिवार ऑट्रम लाइन स्थित झुग्गी में रहता है। वह इलाके में सब्जी की रेहड़ी लगाता है। बुधवार रात वह इलाके में स्थित गुरुद्वारा के पास अपनी रेहड़ी लगाए हुआ था।
रौनक वहां खेल रहा था
वहीं पर नीरज की पत्नी सोनी और उसका तीन साल का बेटा रौनक भी मौजूद था। रौनक वहां खेल रहा था। इसी दौरान एक ऑडी कार ने रौनक को कुचल दिया।
घटना के बाद जब लोगों ने कार चालक को रोकने की कोशिश की तो उसने कहा कि बिल्ली का बच्चा ही तो मरा है। यह सुनते ही लोग उत्तेजित हो गए और चालक को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी।
बाद पुलिस के हवाले कर दिया। साथ ही लोगों कार में भी तोड़फोड़ की। जानकारी के मुताबिक घटना के समय कार में सिर्फ चालक ही मौजूद था। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया। वहीं बच्चे को बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
झुग्गी में रहने वाले लोग उत्तेजित हो गए
मुखर्जी नगर थाना पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान जहांगीरपुरी झुग्गी निवासी संजीव (25) के रूप में हुई। जांच के बाद पुलिस ने बताया कार मुखर्जी नगर में रहने वाले कपड़ा व्यवसायी का है।
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का शव मिलने पर झुग्गी में रहने वाले लोग उत्तेजित हो गए और ऑडी मालिक के घर का घेराव कर दिया।
हालांकि लोगों के गुस्से को देखते हुए इलाके में पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। पुलिस ने उत्तेजित लोगों को समझाया और बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और इस मामले में मालिक का कोई लेना देना नहीं है। उसके बाद लोग शांत हुए और बच्चे के शव को लेकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गए।