शकरपुर की वारदात, पुलिस ने पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज किया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के शकरपुर में बाइक सवार बदमाशों ने ऑटो सवार असिस्टेंट प्रोफेसर से पर्स छीनने का प्रयास किया। पीड़िता ने पर्स नहीं छोड़ा तो बदमाशों ने झटका मारकर उनको चलते ऑटो से गिरा दिया। इसके बाद भी पीड़िता ने बहादुरी दिखाते हुए पर्स नहीं छोड़ा। हालांकि, ऑटो से गिरने के कारण वह बुरी तरह जख्मी हो गईं। वारदात के बाद बदमाश मौके से भाग गए।
ऑटो चालक ने पीड़िता बबीता को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनको छुट्टी दे दी गई। बाद में पुलिस ने पीड़िता का बयान लेकर मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस के मुताबिक पीड़िता न्यू गोविंदपुरा कृष्णा नगर में रहती हैं। वह एक निजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। 18 अक्तूबर की दोपहर को वह ऑटो में सवार होकर केंद्रीय सचिवालय जा रही थीं। इस बीच विकास मार्ग होते हुए वह आईटीओ की ओर बढ़ी तो शकरपुर चुंगी से आगे जाते ही दो बदमाशों ने ऑटो का पीछा शुरू कर दिया। पीड़िता का पर्स बाहर की ओर निकला हुआ था। आरोपियों ने चलते ऑटो से उनका पर्स छीनने का प्रयास किया। पीड़िता ने पर्स नहीं छोड़ा तो आरोपी ने जोर का झटका मारकर बबीता को गिरा दिया।