ग्रेटर नोएडा से सटे दादरी के जारचा कोतवाली क्षेत्र के बीरपुरा झाल के पास बृहस्पतिवार को टहलने निकले गांव के ग्राम प्रधान समेत दो लोगों पर एक जानवर ने हमला कर दिया। इसमें ग्राम प्रधान व उसके साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों का आरोप है कि हमला करने वाला जानवर तेंदुआ जैसा प्रतीत हो रहा था।
जानकारी के मुताबिक, जारचा के ग्राम प्रधान एहसान अली अपने दोस्त डॉक्टर राजबीर और अर्जुन के साथ बृहस्पतिवार सुबह घूमने पैदल ही दादरी की ओर जा रहे थे। जब वे जारचा रोड स्थित बीरपुर गांव की झाल के पास पहुंचे तो अचानक खेत से एक जानवर निकला और राजबीर पर हमला कर दिया।
राजबीर को बचाने के लिए आए एहसान अली पर भी जानवर ने हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए लेकिन उन लोगों ने ईंट-पत्थर मारते हुए शोर मचाया तो जानवर खेत की ओर भाग गया। शोर सुनकर आसपास के गांवों के लोग आ गए और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले गए।
सूचना मिलने पर पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जानवर की तलाश की। घायल प्रधान ने बताया कि जब जानवर ने हमला किया तो वे पूरी तरह से उसे देख नहीं पाए थे। उन्होंने आशंका जताई कि जानवर तेंदुआ जैसा लग रहा था।
इस घटना से आसपास के लोग सहमे हुए हैं और जंगल की ओर जाने से डर रहे हैं। उधर, एसडीएम राजेश यादव का कहना है कि डीएसओ कृष्ण सिंह को टीम के साथ घटना स्थल पर भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही जानवर के बारे में पता कर किसानों और ग्रामीणों को जानकारी दी जाएगी।