-उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद का मामला, मासूम को कुर्सी में बांधकर पीटने का फुटेज भी मिला
-कान में दर्द होने पर डॉक्टर को दिखाया तो पिटाई का पता चला, फिर परिवार स्कूल पहुंचा
-सीसीटीवी देखकर परिवार के होश उड़े, कुर्सी से बांधकर हो रही थी पिटाई, फुटेज देेने के भी लिए पैसे
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में प्ले स्कूल के भीतर साढ़े तीन साल के मासूम के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल के टीचर्स व बाकी स्टाफ ने मासूम को न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि उसके निजी अंगों के साथ छेड़छाड़ भी की। आरोपी उसे कुर्सी पर बांधकर पीटते थे। आलम यह था कि मासूम स्कूल के नाम से भी डरता और रोता था। कान में दर्द होने की शिकायत पर परिजनों ने जब मासूम को नाक-कान-गले के डॉक्टर को दिखाया तो मासूम की पिटाई और दोनों कान के पर्दों पर सूजन का पता चला। परिवार स्कूल पहुंचा और सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की मांग की और फुटेज देखा तो उनके होश उड़ गए। मासूम को बांधकर पीटे जाने का पता लगा।
मौजपुर में है प्ले स्कूल : बृहस्पतिवार को परिवार ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस स्कूल पहुंची और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली। छानबीन के बाद फौरन स्कूल के निदेशक, प्रिंसिपल, टीचर्स और आया के खिलाफ पॉक्सो, जेजे एक्ट समेत बीएनएस की कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। खुद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इस पर नजर रखे हुए हैं। पुलिस के मुताबिक मासूम अपने परिवार के साथ उत्तर-पूर्वी दिल्ली में रहता है। वह मौजपुर के एक प्ले स्कूल में पढ़ता है। पुलिस को दिए बयान में पिता ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनका बच्चा स्कूल व टॉयलेट जाने से घबराता था। उसके कान में दर्द था। वह रात को ठीक से सो भी नहीं पा रहा था। परिवार ने मासूम को ईएनटी डॉक्टर को दिखवाया। वहां पहुंचने पर डॉक्टर ने जब मासूम की जांच की तो उसके दोनों कान के पर्दों पर सूजन की बात की। डॉक्टर का कहना था कि पिटाई के कारण उसके कान में सूजन है। परिवार ने मासूम से पूछने का प्रयास किया तो वह बुरी तरह डरा हुआ था। स्कूल पर शक होने के बाद पिता ने स्कूल जाने का फैसला किया और स्कूल पहुंच गए।
सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से खुला राज : मासूम के पिता स्कूल पहुंचे और उन्होंने प्रिंसिपल को सारी बात बताई। पिता ने स्कूल प्रशासन से क्लासरूम व दूसरी जगह की सीसीटीवी फुटेज मांगी। इस बात पर कैमरे खराब होने की बात की पिता को टाल दिया गया। इसके बाद वह दूसरे बहाने बनाने लगे। पिता नहीं तो उनको अगले दिन आने के लिए कहा गया। अगले दिन मासूम के पिता से 1500 रुपये की मांग की गई। पैसे देने के बाद स्कूल प्रशासन ने उनको फुटेज उपलब्ध करवा दी। फुटेज देखकर पिता के होश उड़ गए। मासूम को पीटते हुए साफ देखा जा रहा था। मासूम को कान पकड़कर घसीटने की वीडियो मिली। इसके अलावा उसे कुर्सी पर बांधकर पीटने का फुटेज भी मिला।
पुलिस ने कराया बच्चे का मेडिकल, काउंसलिंग भी कराई : मासूम को लात मारकर कुर्सी से गिराया गया। यहां तक उसका लंच भी छीन लिया गया। एक अन्य फुटेज में मासूम के निजी अंगों के साथ छेड़छाड़ करती हुई दिखी। पिता ने फुटेज मांगी तो उनको देने से मना कर दिया। बाद में मासूम का पिता थाने पहुंचा और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फुटेज को कब्जे में लिया। परिवार का आरोप है कि इतना सब होने के बाद भी स्कूल प्रशासन पर अपनी कोई गलती नजर नहीं आ रही है। वह बच्चे को रोज पीटने की बात कर रहे हैं। कई टीचर्स मासूम की गलतियां बताने में जुट गए। पुलिस ने जीटीबी अस्पताल में मासूम का मेडिकल करवाया। बाद में उनकी काउंसलिंग करवाई गई। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।