फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi: मंत्री आतिशी का दावा- कोमा में जा सकते हैं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल; तिहाड़ जेल ने दिया ये जवाब

Mon, 15 Jul 2024 11:50 PM IST
विजय पुंडीर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सेहत को लेकर आम आदमी पार्टी भाजपा पर लगातार हमलावर है। दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने सीएम की सेहत को लेकर तिहाड़ जेल प्रशासन और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
विज्ञापन
दिल्ली की जल मंत्री आतिशी - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तिहाड़ में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के स्वास्थ्य पर एक बार फिर से सियासी घमासान बढ़ गया है। दिल्ली सरकार के मंत्री और आप सांसद लगातार केजरीवाल के स्वास्थ्य खराब होने का दावा कर रहे हैं, जबकि तिहाड़ जेल प्रशासन ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। इन्हीं आरोपों के बीच तिहाड़ जेल नंबर दो के अधीक्षक ने दिल्ली सरकार के गृह विभाग के उप सचिव को पत्र लिखकर इस मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।

विज्ञापन


दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने सीएम की सेहत को लेकर तिहाड़ जेल प्रशासन और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आतिशी ने कहा, 'अरविंद केजरीवाल जी डायबिटिक हैं, तिहाड़ जेल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी की रिपोर्ट बता रही है कि उनको शरीर में दर्द हो रहा है, उनका वजन गिर रहा है, उनका शुगर लेवल कई बार गिर रहा है। अगर ऐसे ही होता रहा तो अरविंद केजरीवाल जी कोमा में जा सकते हैं, उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हो सकता है। मैं भाजपा से कहना चाहती हूं कि भगवान से डरो और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी के स्वास्थ्य से खिलवाड़ मत करो।  

तिहाड़ जेल नंबर दो के अधीक्षक ने दिल्ली सरकार के गृह विभाग के उप सचिव को पत्र में लिखा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का जेल में 8.5 किलोग्राम वजन कम नहीं हुआ है। जबकि दिल्ली सरकार के मंत्री, सांसद और पार्टी के अन्य नेता लगातार ऐसा दावा कर रहे हैं। एक अप्रैल को जब केजरीवाल पहली बार तिहाड़ आए थे, उस समय उनका वजन 65 किलोग्राम था। आठ अप्रैल से 29 अप्रैल के बीच सीएम का वजन बढ़कर 66 किलोग्राम हो गया।

इसके बाद उन्हें चुनाव प्रचार के लिए नौ अप्रैल को जमानत मिल गई। वह वापस दो जून को जेल में आएं। दो जून को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का वजन 63.5 किलोग्राम था। वहीं 14 जुलाई को उनका वजन घटकर 61.5 किलोग्राम हो गया है। करीब सवा माह में करीब दो किलो वजन कम हुआ है। प्राथमिक जांच में पता चला कि वजन घटने के पीछे वह खुद हैं। उन्होंने जानबूझ ऐसा किया। इसके पीछे कुछ स्पष्ट कारण दिखते हैं। वह तीन जून से नियमित रूप से अपने घर से भेजा गया खाना वापस कर रहे थे। चुनाव प्रचार के बाद जेल वापस आने के अगले ही दिन से उन्होंने ऐसा करना शुरू कर दिया था। जबकि कोर्ट के आदेश के तहत उन्हें दिन में तीन बार घर का खाना मिलता है।

विज्ञापन


इससे पहले भी ऐसा देखा गया था कि वह जेल में अपने पिछले कार्यकाल में वे जानबूझकर ऐसा खाना खा रहे थे जिससे उनका शुगर लेवल बढ़ जाता था। जेल प्रशासन का दावा है कि मुख्यमंत्री की सेहत को लेकर सतर्क हैं। एम्स का एक मेडिकल बोर्ड लगातार सीएम केजरीवाल के स्वास्थ्य की निगरानी कर रहा है। उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल मेडिकल बोर्ड से नियमित परामर्श ले रही हैं। वहीं जेल प्रशासन का आरोप है कि तिहाड़ जेल सीधे तौर पर दिल्ली सरकार के अधीन आता है। लेकिन दिल्ली सरकार के मंत्री, आप के सांसद और विधायक जेल प्रशासन को गलत इरादे से परेशान कर रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें