सरना गांव निवासी विकास के आत्मदाह का प्रकरण विधानसभा में गूंजेगा। बृहस्पतिवार को मुरादनगर विधायक वहाब चौधरी ने गांव में पहुंचकर मृतक परिवार को सांत्वना दी और आश्वासन दिया कि सूदखोरी के बढ़ते धंधे को वे विधानसभा में उठाएंगे।
इसके अलावा अंबेडकर समिति ने मृतक के परिवार को 11 हजार का चेक देकर आर्थिक मदद की है। दूसरी तरफ, रिपोर्ट दर्ज किए जाने के तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस नामजदों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
सरना गांव निवासी विकास जाटव ने तीन मई की रात सूदखोरों के कर्ज को दोगुना करने और कर्ज चुकता करने के लिए दबाव बनाने से दुखी होकर आत्मदाह किया था। मामले में मृतक की पत्नी ने तीन सूदखोरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मामला एससीएसटी आयोग तक पहुंच चुका है। इसी कड़ी में बृहस्पतिवार को मुरादनगर बसपा विधायक वहाब चौधरी गांव में पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। विधायक का कहना है कि विकास का आत्मदाह व्यर्थ नहीं जाएगा।
उसके आत्मदाह ने प्रशासन को जगाया है और सरकार को जगाने का काम बसपा विधायक करेंगे। विधायक ने बताया कि विधानसभा सत्र के दौरान विकास के आत्मदाह एवं इलाके में बढ़ते सूदखोरी धंधे के मुद्दे को उठाया जाएगा।
उन्होंने परिवार को शासन स्तर से आर्थिक सहायता दिलाने का भी आश्वासन दिया। उधर, मृत परिवार की आर्थिक मदद के लिए लोगों के हाथ बढ़ने शुरू हो गए है।
डा. भीमराव अंबेडकर जन कल्याण समिति के संरक्षक चौधरी सुखपाल ने मृतक की पत्नी विमलेश को 11 हजार का चेक देकर मदद की। उनके साथ बसपा विधानसभा अध्यक्ष महावीर आर्य भी साथ रहे।
मृतक के परिवार में माहौल गमगीन है। विमलेश पर दुखों का पहाड़ टूटा है। पति के जाने के बाद दो बच्चों की जिम्मेदारी उस पर आ गई है।