पिछले साल की आखिरी तिमाही में रोडवेज को मुनाफा देने वाले गाजियाबाद रीजन को नए साल में 25 नई बसें मिलेंगी। कम संसाधनों के बावजूद गाजियाबाद की ओर से यूपी में किए गए बेहतरीन प्रदर्शन के लिए यह तोहफा मिल रहा है।
रोडवेज के अधिकारियों का कहना है कि मेरठ, बुलंदशहर, चंदौसी, एटा और धामपुर रूटों पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में नये रूटों पर बसें चलाने के अलावा आ रही नई बसों में से कुछ इन रूटों पर भी लगाने की योजना बनाई जा रही है।
रोेडवेज के आरएम पीके बोस ने बताया कि पिछले साल की अंतिम तिमाही में गाजियाबाद रीजन का प्रदर्शन पूरे यूपी में शानदार रहा है।
रीजन में यात्रियों की संख्या के मुकाबले बसों की कमी के बावजूद दिवाली के दौरान मुनाफे का आंकड़ा करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गया था।
ऐसे में रोडवेज मुख्यालय की ओर से बुनियादी सुविधाओं के संबंध में पूछा गया तो गाजियाबाद से कम से कम 25 नई बसों की मांग की गई, जिसे स्वीकृति दे दी गई है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि अगले कुछ महीनों में बसें जनपद में आ जाएंगी।