पीएम जो कर रहे हैं वह देश के लिए अच्छा नहीं : केजरीवाल
कोर्ट में पेश होने से पहले पत्रकारों से केजरीवाल ने कहा, प्रधानमंत्री जो भी कर रहे हैं, वह देश के लिए अच्छा नहीं है। पेशी के दौरान आतिशी, सौरभ भारद्वाज व केजरीवाल की पत्नी सुनीता भी कोर्ट में मौजूद थीं। ईडी ने शराब घोटाला मामले में केजरीवाल को 21 मार्च को उनके आधिकारिक निवास से गिरफ्तार किया था। उन्हें पहले 28 मार्च और फिर 1 अप्रैल तक के लिए ईडी रिमांड में भेजा गया था।
लालू प्रसाद तक ने जेल जाने से पहले इस्तीफा दे दिया था : भाजपा
केजरीवाल के नैतिक आधार पर इस्तीफा न देने पर भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव तक ने जेल जाने से पहले इस्तीफा दे दिया था। त्रिवेदी ने कहा, केजरीवाल को जेल भेजे जाने के बाद अब कुछ नैतिक और सांविधानिक सवाल उठे हैं। जो लोग खुद को पीड़ित दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, वे समझ लें कि केजरीवाल को ठोस सबूतों के आधार पर जेल भेजा गया है।
पत्नी सहित छह लोगों से ही मुलाकात करेंगे केजरीवाल
तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पत्नी सहित छह लोगों से ही मुलाकात कर सकेंगे। मुलाकाती के रूप में सीएम केजरीवाल के तरफ से छह लोगों के नाम सौंपे गए हैं। इनमें तीन परिवार के सदस्य और तीन आप के नेता हैं। तिहाड़ जेल सूत्रों की माने तो जेल नियमों के मुताबिक मुलाकाती के लिए कुल 10 लोगों के नाम दिए जा सकते हैं। लेकिन मुख्यमंत्री ने अभी पत्नी सुनीता केजरीवाल सहित छह लोगों के नाम सौंपे हैं। ये सभी जेल नियम के तहत सप्ताह में दो बार मुलाकात कर सकते हैं। केजरीवाल को तिहाड़ में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। केजरीवाल को सोमवार शाम तिहाड़ जेल भेज दिया गया। वह जेल नंबर दो की एक सेल में रहेंगे।
मधुमेह व रक्तचाप का स्तर ऊपर- नीचे हो रहा
जेल पहुंचे अरविंद केजरीवाल का मधुमेह और रक्तचाप का स्तर ऊपर नीचे हो रहा है। सूत्रों ने बताया कि उनका पल्स रेट ठीक है, लेकिन जांच के दौरान पाया गया कि उनका मधुमेह और रक्तचाप में उतार- चढ़ाव है। डॉक्टरों ने उन्हें समय से दवा लेने की सलाह दी है।