वाराणसी में बंट रहे एक लेटर ने काशी का सियासी तापमान इस कदर बढ़ाया कि उसकी गर्मी दिल्ली तक महसूस की जाने लगी है।
चिट्ठी आम आदमी पार्टी के आधिकारिक लेटर हेड पर है। कौमी एकता दल के मुख्तार अंसारी के नाम लिखी गई चिट्ठी में ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जो कुछ लिखा है उससे हंगामा होना लाजिमी है।
चिट्ठी के आखिर में केजरीवाल के दस्तखत भी हैं। इस चिट्ठी के सामने आने के बाद से बनारस की सियासत में एक नया मोड़ आ गया है।
बनारस के मुस्लिम वोटों पर निशाना
दरअसल, बनारस में बीजेपी के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे अरविंद केजरीवाल के नाम से आम आदमी पार्टी के लेटरहेड पर मुख्तार अंसारी को चिट्ठी लिखी गई है।
चिट्ठी में केजरीवाल ने मुख्तार अंसारी को धन्यवाद देते हुए लिखा है कि उनके चुनाव से हटने से मुस्लिम वोट ‘आप’ के खाते में आएंगे। साथ ही सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ लड़ाई मजबूत होगी।
बता दें कि पूर्वांचल के डॉन मुख्तार अंसारी ने सपा के टिकट पर बनारस से चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया था।
लेटर पर AAP ने दी सफाई
वहीं AAP ने इसे भाजपा की गहरी साजिश बताते हुए कहा कि अंसारी का समर्थन लेने का उनका कोई इरादा नहीं है। सोशल नेटवर्किंग साइट्स फेसबुक व ट्विटर पर पार्टी का कहना है कि जिस लेटर हेड पर चिट्ठी लिखी गई है, वह काफी पुराना है।
पार्टी ने फेसबुक पर नया लेटर हेड भी अपलोड किया गया है। आरोप है कि चिट्ठी में जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया गया है वह भाजपाई शैली के हैं।
पार्टी का कहना है कि वाराणसी में भाजपा को हार का इतना भय सता रहा है कि वे मुसलिम मतदाताओं को भटकाने के लिए फर्जी चिट्ठियां बांट रहे हैं। पार्टी का कहना है कि जिन चैनलों ने इस चिट्ठी को दिखाया है, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पार्टी उनके खिलाफ मानहानि के केस करेगी।