पांच साल मैंने किसी के साथ सौतेला व्यवहार नहीं किया। किसी भी काम के लिए मेरे पास आ जाना। देश में नई राजनीति की शुरुआत हुई है। नई राजनीति का डंका पूरे देश में बज चुका है। मैं सभी के साथ मिलकर काम करना चाहता हूं। दिल्ली को कोई केजरीवाल, कोई नेता नहीं चलाता। दिल्ली को दिल्ली के टीचर, डॉक्टर, ऑटो, रिक्शेवाले, छात्र, बस ड्राइवर, रेहड़ी वाले, व्यापारी चलाते हैं। मुझे खुशी है कि हमारे साल ये लोग चीफ गेस्ट के तौर पर आए हैं। कुछ लोग कह रहे हैं कि केजरीवाल सब मुफ्त कर रहा है। नायाब चीजों की कोई कीमत नहीं होती है। मां का प्यार बच्चे के लिए फ्री होता है। श्रवण कुमार की सेवा फ्री होती है।
छठे नंबर पर राजेंद्र पाल गौतम ने मंत्री पद की शपथ ली। सीमापुरी से निर्वाचित राजेंद्र पाल गौतम ने एलजेपी प्रत्याशी संतपाल को 56,108 वोटों से शिकस्त दी थी। पिछली सरकार में राजेंद्र पाल समाज कल्याण मंत्री बनाए गए थे।
चौथे नंबर पर कैलाश गहलोत ने मंत्री पद की शपथ ली।
सत्येंद्र जैन के बाद गोपाल राय ने मंत्री पद की शपथ ली। उन्होंने आजादी के शहीदों को साक्षी मान कर शपथ ली।
सिसोदिया के बाद तीसरे नंबर पर सत्येंद्र जैन ने दिल्ली कैबिनेट में मंत्री पद व गोपनियता की शपथ ली। वह पिछले कैबिनेट में स्वास्थ्य मंत्री थे।
केजरीवाल के बाद दूसरे नंबर पर पटपड़गंज सीट से आप विधायक मनीष सिसोदिया ने मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया।
अरविंद केजरीवाल ने रामलीला मैदान में तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
अरविंद केजरीवाल मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, इमरान हुसैन, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, राजेंद्र गौतम के साथ मंच पर पहुंचे।
दिल्ली के उप राज्यपाल अनिल बैजल रामलीला मैदान पहुंच चुके हैं। अरविंद केजरीवाल समेत छह कैबिनेट मंत्री कुछ ही देर में शपथ ग्रहण करेंगे।
शपथ ग्रहण के मद्देनजर रामलीला मैदान में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। साथ ही लोगों के लिए एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई है।
कुछ ही देर में केजरीवाल का शपथ ग्रहण समारोह शुरू होने वाला है। तीसरी बार मुख्यमंत्री पद का शपथ लेने के लिए केजरीवाल रामलीला मैदान पहुंच चुके हैं।
शपथ ग्रहण का साक्षी बनने के लिए केजरीवाल का परिवार रामलीला मैदान पहुंच चुका है।
अरविंद केजरीवाल के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए रामलीला मैदान में जनसैलाब उमड़ने लगा है। भारी संख्या में लोग अपने मुख्यमंत्री को शपथ लेते हुए देखने के लिए पहुंच रहे हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने घर से निकल चुके हैं। कुछ ही देर में वो रामलीला मैदान पहुंचेंगे, जहां तीसरी बार केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
केजरीवाल ने अपने शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी को आमंत्रित किया था, लेकिन मोदी करीब 11 बजे विकास परिजोयनाओं के शिलान्यास के लिए वाराणसी पहुंचे हैं। ऐसे में उनका रामलीला मैदान पहुंच पाना संभव नहीं लग रहा है।
शपथ ग्रहण समारोह में 'दिल्ली के निर्माता' नाम से मंच बनाया गया है। इस पर दिल्ली को बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले अलग-अलग तबकों के 50 लोग रहेंगे।
केजरीवाल के शपथ ग्रहण के लिए आम आदमी पार्टी के समर्थक उदय वीर रामलीला मैदान पहुंचे। उदय वीर मोर बन कर कार्यक्रम स्थल पहुंचे हैं।
शपथ ग्रहण से पहले मनीष सिसोदिया ने कहा कि इसमें कुछ गलत नहीं है अगर केजरीवाल पिछले मंत्री परिषद को ही दोहराना चाहते हैं। लोग हमारी कैबिनेट के काम से खुश हैं और इसी काम के आधार पर इस बार हमें जीत मिली है। हम इसी तरह लोगों का विश्वास बनाए रखेंगे।
केजरीवाल के तीसरे शपथ ग्रहण समारोह के लिए रामलीला मैदान सजधज कर तैयार है। सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कुछ ही देर में धूमधाम के साथ कार्यक्रम शुरू होगा।
इन रास्तों पर कर्मिशियल वाहनों/बसों की आने की अनुमति नहीं है।
-राजघाट चौक और दिल्ली गेट चौक से जेएलएन मार्ग से गुरु नानक देव चौक की ओर।
-नेताजी सुभाष मार्ग से दिल्ली गेट चौक की ओर छत्ता रेलमार्ग।
-पहाड़गंज चौक होते हुए अजमेरी गेट से डीबीजी रोड की ओर।
-रामचरण अग्रवाल चौक से दिल्ली गेट चौक होते हुए बीएसजेड मार्ग से होते हुए।
-डीडीयू मिंटो सड़क से विवेकानंद मार्ग से कमला बाजार चौक की ओर।
-रणजीत सिंह फ्लाईओवर की ओर बाराखंभा टॉलस्टाय मार्ग।
लगातार तीसरी बार दिल्ली की सत्ता संभालने जा रहे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रविवार को अपनी कैबिनेट के साथ रामलीला मैदान में अनूठे तरीके से शपथ लेंगे। इस समारोह में दिल्ली के निर्माता के नाम से मंच बनाया गया है। इस पर दिल्ली को बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले अलग-अलग तबकों के 50 लोग रहेंगे।
इनमें डॉक्टर, शिक्षक, बाइक एंबुलेंस राइडर्स, सफाई कर्मचारी, कंस्ट्रक्शन वर्कर्स, बस मार्शल, ऑटो ड्राइवर आदि शामिल हैं। खास बात यह भी है कि दिल्ली की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पूरी दिल्ली को बुलावा भेजा गया है। आम आदमी पार्टी का अनुमान है कि करीब एक लाख लोग रामलीला मैदान पहुंच सकते हैं। इसको देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने भी आवाजाही आसान करने के लिए प्लान तैयार किया है।
शनिवार दोपहर बाद दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय रामलीला मैदान में समारोह की तैयारियों का मुआयना करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि मंच के नजदीक करीब 40 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं, जबकि पीछे की तरफ खाली स्थान छोड़ा गया है, जिससे भीड़ बढ़ने पर लोग खड़े होकर समारोह देख सकेंगे। सभी तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं।