आम आदमी पार्टी के संयोजक और 49 दिनों तक दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे अरविंद केजरीवाल कहीं खो गए हैं। उनकी बहुत खोज की गई पर वह मिल नहीं रहे। उनको खोजने वाले को ईनाम दिया जाएगा।
कुछ ऐसे ही उनकी गुमशुदगी के पोस्टर उनके विधानसभा क्षेत्र नई दिल्ली में लगाए गए हैं। पिछले दिल्ली विधानसभा चुनाव में पूर्व सीएम शीला दीक्षित को हराकर चुनाव जीतने वाले केजरीवाल के विधानसभा क्षेत्रवासियों को उनका इंतजार है।
इस इलाके में वो काफी समय से नजर नहीं आए हैं। पोस्टर में छपे हुए के अनुसार इसे क्षेत्र के आरडब्ल्यूए ने लगावाया है पर इसकी पूरी जानकारी अभी नहीं मिली है।
देखते हैं मुंगेरी लाल के हसीन सपने
अरविंद के गुमशुदगी के पोस्टर में लिखा है कि अरविंद केजरीवाल लापता हो गए हैं। इसमें उनके रंग, सपने व काम के बारे में लिखा है। इसमें लिखा है कि अरविंद का रंग सांवला है। काम धरना व झूठ बोलना है और वो मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखते हैं।
उसमें ये भी लिखा है कि लोगों की परेशानियों से अनजान हैं केजरीवाल और काम न होने से जनता उनसे परेशान है। इसमें ढूंढने वाले को ईनाम मिलने की भी बात लिखी है।
मालूम हो कि कुछ दिनों पहले मनीष सिसोदिया के विधानसभा क्षेत्र पटपड़गंज में उनके गुमशुदगी के पोस्टर भी लगे थे। उसमें भी सिसोदिया पर क्षेत्र से गायब हाने की बात छपी थी।
केजरीवाल ने शुरू किया था पोस्टर वार
पिछले विधानसभा चुनावों में कुछ ऐसे ही पोस्टर आप ने भी कांग्रेस के विधायकों के खिलाफ लगाए थे जिसका खामियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ा था और उसकी करारी हार हुई थी।
हालांकि इस पोस्टर वार के पीछे कांग्रेस या भाजपा किसका हाथ ये साफ नहीं हो सका है। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही केजरीवाल ने भाजपा के खिलाफ भी पोस्टर अभियान शुरू किया था।
इसमें उन्होंने जनता से ये पूछा था कि उनकी 49 दिन की सरकार और मोदी की 49 दिन की सरकार में कौन बेहतर है। उन्होंने इस पोस्टर में एक मोबाइल नंबर भी दिया था जिसपर एसएमएस करके बताया जाए।