वाराणसी में नरेंद्र मोदी के खिलाफ ताल ठोकने वाले आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने चुनाव से पहले ही उन्हें जोरदार पटकनी दी है।
इतना ही नहीं, केजरीवाल ने अमेठी से चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को भी जबरदस्त टक्कर दी है।
आम चुनावों के नतीजों से पहले अरविंद केजरीवाल का ये विजय अभियान मोदी और राहुल गांधी के प्रशंसकों के लिए एक बड़ा झटका है।
केजरी ने दिया बीजेपी को झटका!
बीजेपी के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के बनारस से चुनाव लड़ने से गरमाई यूपी की सियासत में एक और बड़ी हलचल तब आई थी जब AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल भी बनारस में मोदी के खिलाफ मैदान में उतरे।
हालांकि, राजनीतिक पंडितों का मानना था कि बनारस में केजरी का मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ना कुछ खास असर नहीं करेगा लेकिन अब केजरीवाल की इस बड़ी जीत ने बीजेपी को भी बड़ा झटका दिया है।
दरअसल, चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा के शुरुआती दिनों में प्राइम टाइम में टेलीविजन न्यूज चैनल पर छाए रहने वाले हस्तियों में केजरीवाल सबसे आगे रहे।
राहुल गांधी की भी हालत पस्त
प्रमुख समाचार चैनलों पर सीएमएस मीडिया लैब के एक अध्ययन के मुताबिक रात आठ से 10 बजे तक के समाचारों में केजरीवाल ने अन्य नेताओं को पीछे छोड़ दिया है।
एक से 15 मार्च के दौरान के इस अध्ययन में प्राइम टाइम में केजरीवाल को 429 मिनट यानी करीब 28.19 फीसदी समय मिला जबकि मोदी को 356 मिनट यानी 23.98 फीसदी समय मिला।
इस मामले राहुल तीसरे स्थान पर रहे और उन्हें केवल 72 मिनट यानी करीब 4.76 फीसदी समय मिला। 46 मिनट के कवरेज के साथ राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव चौथे और 33 मिनट के साथ मनसे प्रमुख राज ठाकरे पांचवे स्थान पर रहे।