दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की कमान संभाल ली है। रविवार को रामलीला मैदान में मंत्रिमंडल के छह सहयोगियों के साथ अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसी दौरान कुछ मंत्रियों द्वार ली गई शपथ चर्चा में है क्योंकि तीन मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ लेते वक्त परंपरा से हटकर शपथ ली।
गोपाल राय ने शहीदों के नाम पर शपथ ली
केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के बाद तीसरे स्थान पर शपथ लेने आए गोपाल राय ने आजादी के शहीदों की शपथ ली, जबकि आमतौर पर ईश्वर या सत्यनिष्ठा से प्रतिज्ञान के नाम पर शपथ ली जाती है। गोपाल राय दिल्ली के बाबरपुर से विधायक हैं और पिछली सरकार में श्रम, रोजगार, विकास और सामान्य प्रशासन विभागों की कमान संभाल रहे थे। गोपाल राय ने अन्ना आंदोलन के वक्त से ही केजरीवाल के साथ हैं। उन्होंने अन्ना आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभाई थी।
इमरान ने एक बार अल्लाह और एक बार ईश्वर का नाम लेकर मंत्रीपद की शपथ ली
वहीं, बल्लीमारान से विधायक चुने गए और पिछली सरकार में खाद्य आपूर्ति मंत्री रहे इमरान हुसैन ने मंत्री पद की शपथ अल्लाह के नाम पर ली तो गोपनीयता की शपथ ईश्वर के नाम पर। इमरान हुसैन पांचवें नंबर पर शपथ लेने आए। उन्होंने शपथ लेते वक्त कहा, 'मैं, इमरान हुसैन, अल्लाह की शपथ लेता हूं कि मैं विधि द्वारा स्थापित भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखूंगा। मैं भारत की प्रभुता और अखंडता अक्षुण्ण रखूंगा। मैं मंत्री के रूप में कर्तव्यों का श्रद्धापूर्वक और शुद्ध अंतःकरण से निर्वहन करूंगा तथा मैं भय या पक्षपात, अनुराग या द्वेष के बिना सभी प्रकार के लोगों के प्रति संविधान और विधि के अनुसार न्याय करूंगा।'
इसके बाद उपराज्यपाल अनिल बैजल ने गोपनीयता की शपथ दिलवाई। इमरान ने गोपनीयता की शपथ लेते हुए कहा, 'मैं, इमरान हुसैन, ईश्वर की शपथ लेता हूं कि जो विषय मंत्री के रूप में मेरे विचार के लिए लाया जाएगा अथवा मुझे ज्ञात होगा, उसे किसी व्यक्ति या व्यक्तियों को तब के सिवाय जबकि मंत्री के रूप में अपने कर्तव्यों के सम्यक निर्वहन के लिए ऐसा करना अपेक्षित हो, मैं प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से संसूचित या प्रकट नहीं करूंगा।'
गौतम ने बुद्ध के नाम पर ली शपथ
इसके बाद बारी आई राजेंद्र पाल गौतम की आई तो उन्होंने भी ईश्वर या सत्यनिष्ठा से प्रतिज्ञान के नाम पर शपथ लेने की बजाय उन्होंने गौतम ने बुद्ध के नाम पर शपथ ली।