अलकायदा के भारत चीफ मो. आसिफ जब आतंकी ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान गया था तो वह अपने साथ दो और युवकों रेहान व सर्जिल को ले गया था।
रेहान दिल्ली में रह रहा है, मगर मूलरूप से संभल का ही रहने वाला है। सर्जिल भी संभल, यूपी के रहने वाला है। दोनों अभी पाक-अफगानिस्तान बॉर्डर पर है।
पांचवीं तक पढ़ा आसिफ हरकत उल मुजाहिद्दीन से प्रभावित होकर जेहादी बना था। मौलाना आसिम उमर के जूनियर सैयद अख्तर उर्फ कासिम के कहने पर मो. आसिफ पाकिस्तान जाने के लिए तैयार हो गया। मो. आसिफ ने दो स्थानीय युवकों रेहान व सर्जिल को जेहादी बनाया।
ऐसे आसिफ पहुंचा अफगानिस्तान
कासिम ने ही इन लोगों के फंड का प्रबंध किया था। ये तीनों 23 जून, 2013 को नई दिल्ली से फ्लाइट से तेहरान, ईरान पहुंचे। यहां ये एक होटल में रुके।
कुछ दिन बाद इन्हें होटल में जेहेदन के एयर टिकट उपलब्ध कराए गए। जेहेदन से ये सारवन पहुंचे। यहां से ईरान-पाक बॉर्डर पर पहुंचे। इन्होंने पैदल ही ईरान-पाक बॉर्डर पार किया।
बॉर्डर से कासिम का संपर्क उन्हें कार से क्वेटा ले गया। यहां से मोटरसाइकिल से घाजनी, अफगानिस्तान पहुंचे। सुमाली, वजीरिस्तान में इनकी मुलाकात अन्य भारतीय आतंकी अस्सद (कोड नेम) उर्फ उस्मान से हुई।
कई कैंपों में अलग-अलग आतंकी ट्रेनिंग के लिए भेजा गया
उस्मान भी संभल, यूपी का रहने वाला है। इसके अलावा कासिम उर्फ सैयद अख्तर से भी मुलाकात हुई। कासिम भी दीपा सराय, संभल, यूपी का रहने वाला है।
मौलाना आसिम उमर का असली नाम सनाउलहक उर्फसन्नू है और यह भी संभल, यूपी का रहने वाला है। ये वर्ष 1995 में पाकिस्तान गया था। मो. आसिफ व अन्य को कई कैंपों में अलग-अलग आतंकी ट्रेनिंग के लिए भेजा गया।
वजीरिस्तान में ट्रेनिंग के दौरान अमेरिकी सेना ड्रोन हमला कर रही थी। इस हमलों में तेहरीक ए तालिबान का चीफ पाकिस्तान निवासी हकीमुल्लाह मेहसूद समेत दो मारे गए थे। ड्रोन हमले के चलते पाकिस्तान में उनके ठिकाने बदल दिए गए थे। इन्हें हथियारों के अलावा तरह-तरह की ट्रेनिंग दी गई थीं।
ऐसे बना दिया गया भारत का चीफ
ट्रेनिंग के बाद मौलाना उमर ने मो. आसिफ को महत्वपूर्ण बैठक के लिए बुलाया। उसे बताया गया कि अलकायदा के चीफ अल जवाहारी का साला बैठक (अलकायदा की ग्रांड काउंसिल) को संबोधित करेगा।
भारत के मो. आसिफ व मौलाना आसिम उमर ऐसे शख्स हैं जो पहली बार अलकायदा की हाईप्रोफाइल बैठक में शामिल हुए हैं। अलकायदा की ये हाईप्रोफाइल बैठक मीरान शाह में हुई।
इस बैठक में मो. आसिफ को एक्यूआईएस के लिए भारत का चीफ घोषित किया गया। जबकि आसिम उमर कोएक्यूआईएस (साउथ एशिया) का आमिर (पद) घोषित किया गया। साउथ एशिया में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल और भूटान आते हैं।