प्रगति मैदान के सामने भैरो मार्ग पर बुधवार शाम करीब पांच बजे हथियारबंद बदमाश कारोबारी व उनके कर्मचारी से एक करोड़ के सोने व चांदी के गहने लूटकर फरार हो गए। बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत पर तिलक मार्ग थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस मथुरा रोड, भैरो मार्ग, रिंग रोड व प्रगति मैदान पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गहनों का कारोबार करने वाले संजय अपने कर्मचारी शिवम के साथ गहनों को दक्षिण दिल्ली स्थित घर ले जा रहे थे। उनका चांदनी चौक पर व्यवसाय है। बुधवार शाम जब वह भैराे मार्ग पर पहुंचे तो मोटरसाइकिल पर आए दो बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर उन्हें रोक लिया। इसके बाद बदमाश गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। कारोबारी ने पुलिस कंट्राेल रूम को फोन कर इसकी शिकायत की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मौके पर दुकान लगाने वाले दुकानदाराें से पूछताछ की जा रही है। गौरतलब है कि एक वर्ष पहले प्रगति मैदान टनल में भी चांदनी चौक के व्यवसायी के साथ लूटपाट हुई थी। पुलिस उपायुक्त नई दिल्ली देवेश कुमार महला ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद तिलक मार्ग थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।