- 33 स्कूलों में कक्षा छठीं से आठवीं की खाली सीटों पर मिलेगा दाखिला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के सीएम श्री स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए दाखिले को लेकर 30 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। शिक्षा निदेशालय की सीएम श्री शाखा ने इन 33 स्कूलों की कक्षा छठीं से आठवीं की खाली सीटों पर दाखिला प्रक्रिया के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
निदेशालय के अनुसार इच्छुक छात्र 30 जुलाई से 15 अगस्त तक दाखिले के लिए ऑनलाइन https://www.edudel.nic.in/ लिंक पर आवेदन कर सकते हैं। इन स्कूलों में प्रवेश परीक्षा के आधार पर दाखिला मिलेगा। परीक्षा का आयोजन 30 अगस्त को होगा। इसके लिए प्रवेश पत्र 23 अगस्त को जारी किए जाएंगे। परीक्षा परिणाम दस सितंबर को घोषित किया जाएगा और दाखिला की प्रक्रिया 15 सितंबर को समाप्त हो जाएगी। प्रवेश परीक्षा ओएमआर आधारित होगी। परीक्षा को लेकर सिलेबस निदेशालय की वेबसाइट पर जल्द साझा किया जाएगा। परीक्षा 100 अंकों की होगी।
नए सत्र के लिए दिल्ली सरकार ने 75 सीएम श्री स्कूल स्थापित किए हैं। इसमें 33 स्कूलों की कक्षा छठीं से लेकर आठवीं की खाली सीटों पर छात्र दाखिला ले सकेंगे। दाखिले के लिए दिल्ली का निवासी होना अनिवार्य है। दाखिले के लिए 50 फीसदी सीट सरकारी स्कूल, दिल्ली नगर निगम स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय, सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल, केंद्रीय विद्यालय और एनडीएमसी के अधीन संचालित होने वाले स्कूल के छात्रों के लिए आरक्षित की गई है। जबकि दाखिले में पांच फीसदी योग्यता अंकों की छूट ओबीसी, एससी, एसटी और विशेष आवश्यकता श्रेणी वाले बच्चों की दी जाएगी।