सेंट स्टीफंस कॉलेज में पीजी दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। कॉलेज ने वेबसाइट पर आवेदन फॉर्म उपलब्ध कराया है। डीयू के पीजी दाखिला पोर्टल पर पंजीकरण करा चुके छात्र ही आवेदन कर सकते हैं।
दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध नामी सेंट स्टीफंस कॉलेज में स्नात्तकोत्तर (पीजी) कोर्सेज में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। डीयू के पीजी पोर्टल पर पंजीकरण करा चुके छात्र ही कॉलेज में विभिन्न कोर्सेज के लिए आवेदन कर सकेंगे। मालूम हो कि बीते सप्ताह ही कॉलेज ने पीजी दाखिले के लिए अपना प्रोस्पेक्टस जारी किया था।
विज्ञापन
दिल्ली विश्वविद्यालय में पीजी दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया 30 जून को समाप्त हो गई है। इसके बाद अब कॉलेज ने आवेदन फॉर्म जारी कर दिया है। कॉलेज में आवेदन के लिए आवेदकों को डीयू में किए गए आवेदन फॉर्म के नंबर को डालना होगा। इसके साथ ही उन्हें नाम, ईमेल आईडी व अन्य जानकारी भरनी होगी। जिसके बाद ही आवेदक फॉर्म भर सकेगा।
सेंट स्टीफंस कॉलेज की शैक्षणिक सत्र 2022-23 में पीजी दाखिले के लिए प्रति कोर्स में आवेदन के लिए आवेदक को 300 रुपये का भुगतान करना होगा। फॉर्म भरते समय आवेदक यह जरुर सुनिश्चित करें कि उसमें दी गई सभी जानकारी सही और पूर्ण है। आवेदन पत्र में बदलाव भुगतान करने से पहले ही किया जा सकता है। आवेदन शुल्क का भुगतान किसी भी बैंक के क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या यूपीआई और नेट बैकिंग से किया जा सकता है। गेटवे शुल्क का भुगतान अलग से करना होगा। आवेदन शुल्क प्राप्त होने के बाद आवेदक को फॉर्म सफलतापूर्वक जमा करने की पुष्टि करने वाला एक ईमेल भेजा जाएगा।
विज्ञापन
मालूम हो कि डीयू में पीजी में दाखिला दो तरह मेरिट व एंट्रेस से होते हैं। ऐसे में कॉलेज में भी यही प्रक्रिया अपनाता है। जो आवेदक कॉलेज के पोर्टल पर पंजीकृत होंगे और मेरिट में जगह बनाएंगे उन्हें ही साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। साक्षात्कार के बाद कॉलेज द्वारा बनाई गई मेरिट सूची में पीजी पाठ्यक्रमों के लिए सफल छात्रों की जानकारी होगी।