-दिल्ली विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज ने जारी किया संशोधित नोटिस, अब 28 नवंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। दिलशाद गार्डन स्थित दिल्ली विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज (यूसीएमएस) में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर नौकरी पाने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। कॉलेज प्रशासन ने शिक्षण पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 28 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। कॉलेज की ओर से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, असिस्टेंट प्रोफेसर पदों के लिए पहले 23 अक्तूबर को विज्ञापन जारी किया गया था। अब आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 28 नवंबर या रोजगार समाचार में विज्ञापन प्रकाशित होने की तारीख से दो सप्ताह तक की गई है। दोनों में से जो तारीख बाद में होगी, उसे अंतिम तिथि माना जाएगा।
इस फैसले से उन अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय मिलेगा, जो किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं कर पाए थे। पूर्वी दिल्ली के दिलशाद गार्डन में स्थित यह कॉलेज मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रमुख संस्थान है। ऐसे में क्षेत्र के साथ-साथ दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों के योग्य उम्मीदवारों के लिए यहां नौकरी पाने का अवसर है। कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भर्ती से जुड़ी अन्य सभी शर्तें पहले की तरह ही रहेंगी। आगे कोई अतिरिक्त सूचना या संशोधित नोटिस जारी किया जाता है तो उसे कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा।