सवारी से ज्यादा किराया मांगने अथवा बदतमीजी करने पर सवारी अब ऑटोचालक की ऑनलाइन शिकायत कर सकेंगी। इतना ही नहीं सवारी के फीडबैक पर न केवल ऑटोचालक को रेटिंग दी जाएगी बल्कि पुलिस कार्रवाई भी की जाएगी।
हाईटेक हो रही गुड़गांव पुलिस ने इस दिशा में एक और पहल करते हुए सवारियों के लिए ऑटो फीडबैक मोबाइल एप के रूप में नई सेवा शुरू की है। जिसमें सवारी यात्रा के बाद ऑटोचालक का ऑनलाइन फीडबैक भी दर्ज करवा सकेगी।
साइबरसिटी में ऑटोचालकों की मनमानी पर अकुंश लगाने के लिए गुड़गांव पुलिस ने अपने आधिकारिक मोबाइल एप में ऑटो फीडबैक को भी शामिल कर लिया।
शनिवार को पुलिस कमिश्नर आलोक मित्तल ने इसे लांच करते हुए कहा कि ऑटोचालक के ज्यादा किराया मांगने, सवारी के बदतमीजी करने, रांग ड्राइविंग करने के अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने की दिशा में सवारी पुलिस के मोबाइल एप पर ऑटोचालक के लिए रैटिंग के अलावा फीडबैक भी दर्ज कर सकती है।
जिसमें पुलिस उसी आधार पर नेगेटिव रेटिंग वाले ऑटोचालक के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करेगी। पुलिस कमिश्नर के अनुसार मोबाइल एप में ऑटोचालक के अलावा कॉमर्शियल कैब और टैक्सी को भी शामिल किया गया है। जिसमें यात्री खासकर महिला यात्री यात्रा से पहले वाहन का ऑनलाइन वैरिफिकेशन कर यात्रा कर सकती है।
इतना ही नहीं, एप में यात्रियों की सहुलियत के लिए फीडबैक सिस्टम भी दिया गया है जिसमें ऑटो/टैक्सी के नंबर दर्ज कर उसे रेटिंग के अलावा फीडबैक दे सकते है। कमिश्नर के मुताबिक इससे अगली यात्रा के पहले सवारी फीडबैक के आधार पर यात्रा कर सकेंगे।
क्या होगा रेटिंग का पैमाना-
1 स्टार- बुरा
2 स्टार- औसत
3 स्टार- अच्छा
4 स्टार- बहुत अच्छा
5 स्टार- उम्दा प्रदर्शन
पहले चेतावनी, फिर रद्द होगा लाइसेंस
ऑटोचालकों को लाइन पर लाने के लिए पुलिस ने भी अपना तरीका अख्तियार किया है। अगर किसी ऑटोचालक का नेगेटिव फीडबैक अथवा रेटिंग पाया जाता है तो उसे पुलिस कमिश्नर कार्यालय में बुलाकर चेतावनी दी जाएगी। इसके बाद भी लगातार नेगेटिव फीडबैक मिलने की दिशा में ऑटोचालक का लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा।
ऑटो फेयर कैलकुलेटर में दिखेगा अब गुड़गांव स्टेशन
पुलिस ने ऑटो फेयर कैलकुलेटर मोबाइल एप्स में भी विस्तार करते हुए इसके स्टेशनों में रेलवे स्टेशन को शामिल कर लिया है। जिसमें यात्रियों को हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन, एमजी रोड मेट्रो स्टेशन के साथ गुड़गांव रेलवे स्टेशन से भी इसकी सुविधा मिलेगी। पुलिस कमिश्नर आलोक मित्तल के अनुसार ऑटो फेयर कैलकुलेटर एप्स से शहर के 200 स्थानों के लिए ऑटो किराया जान सकते है। उनके अनुसार आने वाले समय में इसका और भी विस्तार किया जाएगा।