अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के बीच सिविक सेंटर की 28वीं मंजिल पर लगी एंटी स्मॉग गन बंद होने का मामला सामने आया है। आम आदमी पार्टी ने इसे लेकर भाजपा सरकार और एमसीडी पर सवाल उठाए हैं। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदूषण नियंत्रण के नाम पर केवल दिखावा कर रही है, जबकि उसकी अपनी इमारत में लगी मशीन काम नहीं कर रही है।
नारंग ने बताया कि 12 नवंबर शाम 5:41 बजे एमसीडी मुख्यालय के आसपास एक्यूआई 546 दर्ज किया गया था। उन्होंने सिविक सेंटर की छत से दिल्ली में छाई धुंध दिखाते हुए कहा कि कुछ दूरी पर स्थित इमारतें तक साफ दिखाई नहीं दे रही। इसके बावजूद एंटी स्मॉग गन बंद पड़ी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा शासित एमसीडी जगह-जगह एंटी स्मॉग गन लगाने और उनके प्रभावी ढंग से काम करने के दावे कर रही हैं, लेकिन जमीनी स्थिति अलग है। भाजपा सरकार दिल्लीवासियों को भ्रमित कर रही है।