स्वाइन फ्लू का एक और मरीज अस्पताल में भर्ती हुआ है। राजनगर एक्सटेंशन के रहने वाले 70 वर्षीय मरीज को एक दो दिनों से सर्दी-जुकाम बुखार और चेस्ट इंफेक्शन की शिकायत थी।
जब स्वाइन फ्लू की जांच कराई तो रिजल्ट पॉजिटिव आया है। मरीज को शनिवार को यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राजनगर एक्सटेंशन स्थित क्लीनिक के डॉ. अंशुल वार्ष्णेय के यहां इनका इलाज चल रहा है। सुबह अधिक परेशानी होने के बाद यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब है कि इस बार स्वाइन फ्लू से एक महिला की मौत हुई है और इससे पहले एक अन्य मरीज में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी।
डॉ. अंशुल वार्ष्णेय ने बताया कि अभी मौसम में बदलाव के कारण स्वाइन फ्लू का खतरा टला नहीं है। अभी कुछ दिन और सावधानी बरतने की जरूरत है।
राजनगर एक्सटेंशन में एक मरीज के पॉजिटिव आने के बाद वहां के आरडब्ल्यूए ने भी लोगों को मैसेज के जरिए जागरूक करना शुरू कर दिया है।
इक्का-दुक्का आ रहे हैं स्वाइन फ्लू का सैंपल
पिछले साल की अपेक्षा इस साल स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या काफी कम है। इसके अलावा संदिग्ध मरीज भी काफी कम आ रहे हैं।
मौसम में बदलाव के बाद पिछले एक हफ्ते से हर एक दो दिन में एक या दो सैंपल जिला अस्पताल के लैब में लिया जा रहा है।
जिला अस्पताल के ही एक चिकित्सक की भतीजी का भी सैंपल लिया गया था हालांकि जांच की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
डीएमओ जीके मिश्रा ने बताया कि एक दो दिनों के अंतर पर संदिग्ध स्वाइन फ्लू के सैंपल लिए जा रहे हैं। लेकिन अभी तक कोई स्वाइन फ्लू पॉजिटिव केस नहीं मिला है।