दिल्ली कैंट इलाके में रोडरेज का एक मामला सामने आया है। बस चालक को ठीक से वाहन चलाने की बात कहने पर चालक और हेल्पर ने बाइक सवार पर रॉड से हमला कर दिया।
जख्मी बाइक सवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित की शिकायत पर कैंट थाना पुलिस मारपीट का मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार मनोज अग्रवाल (31) परिवार के साथ रोहिणी सेक्टर तीन में रहता है। वह गुड़गांव में एक कंपनी में काम करता है। शनिवार सुबह वह अपनी बुलेट से गुड़गांव जा रहा था। शंकर विहार फ्लाई ओवर पर जाम लगा हुआ था। इसलिए वह अपनी बाइक को किनारे से ले जा रहा था।
मनोज के मुताबिक इसी दौरान एक बस चालक ने अचानक अपनी बस को तेज रफ्तार से टर्न कर दिया। जिसकी वजह से वह बस के चपेट में आने से बच गया। मनोज ने बस चालक को ठीक से बस चलाने के लिए कहा।
यह सुनते ही बस चालक गुस्से में आ गया और हेल्पर के साथ रॉड लेकर बस से नीचे उतर गया। बस चालक मनोज से कहासुनी करने लगा और फिर रॉड से उसके कमर पर हमला कर दिया। हमले से मनोज जख्मी हो गया।
आसपास के लोगों ने मनोज को बचाया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी बस समेत फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।