दाखिला लेने की अंतिम तिथि को 31 अक्तूबर तक बढ़ाया गया
नियमित कॉलेजों के लिए मॉपअप राउंड जारी रहने के कारण तिथि बढ़ाने का लिया फैसला
मंगलवार तक 1,36,138 ने कराया पंजीकरण 1,05,059 ने लिया दाखिला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में नियमित कॉलेजों में दाखिले के लिए मॉपअप राउंड-2 शुरू होने के बाद स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग में भी दाखिला लेने का एक और मौका दिया जा रहा है। एसओएल ने दाखिला लेने की अंतिम तिथि को 15 से बढ़ाकर 31 अक्तूबर कर दिया है। नियमित कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया जारी रहने के कारण यह फैसला लिया गया है। वहीं, एसओएल में मंगलवार तक 1,36,138 छात्रों ने पंजीकरण कराया जिसमें से 1,05,059 ने दाखिला ले लिया। सर्वाधिक दाखिले बीए प्रोग्राम राजनीति विज्ञान कॉम्बिनेशन और बीकॉम में हुए हैं।
एसओएल में दाखिला प्रक्रिया जून में शुरू की गई थी। तब दाखिला लेने की अंतिम तिथि 31 अगस्त तय की गई थी, जिसे बढ़ाकर 15 सितंबर किया गया था। इसके बाद तिथि को 15 अक्तूबर तक के लिए बढ़ाया गया था। दरअसल जब तक नियमित कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया समाप्त नहीं होगी तब तक एसओएल में भी दाखिला प्रक्रिया जारी रहेगी। अब तक नियमित कॉलेजों में दाखिले के लिए कोई अंतिम तिथि जारी नहीं की गई है।
कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग की निदेशक प्रो पायल मागो ने बताया कि 15 अक्तूबर तक हमारे स्नातक कोर्सेज में ही 1,36,138 पंजीकरण हो चुके हैं। इनमें से 1,05,059 ने फीस का भुगतान कर दाखिला पक्का कर लिया। तिथि बढ़ने के कारण दाखिला लेने वालों की संख्या बढ़ेगी। मालूम हो कि हर साल एसओएल में करीब 1.20 से 1.30 लाख दाखिले होते हैं।
-
सबसे ज्यादा बीए प्रोग्राम में दाखिले
एसओएल के स्नातक स्तर के 11 कोर्सेज में बीए प्रोग्राम में ही सर्वाधिक दाखिले हो रहे हैं। बीए प्रोग्राम राजनीति विज्ञान कॉम्बिनेशन में 25,544 पंजीकरण हुए हैं, इनमें से 21,682 ने फीस जमा करा दाखिला पक्का कर लिया है। बीए ऑनर्स राजनीति विज्ञान में 14,201 ने दाखिला ले लिया है। बीकॉम में 22,022 ने पंजीकरण कराया है और इनमें से 17, 948 ने दाखिला ले लिया है। सबसे कम 103 पंजीकरण बीए प्रोग्राम संस्कृत में हुए हैं, इनमें से 73 ने दाखिला ले लिया है। बीए प्रोग्राम इतिहास में 10,571 ने पंजीकरण कराया है और 8681 ने दाखिला ले लिया है। स्नातकोत्तर स्तर के पांच प्रोग्राम के लिए कुल 2281 दाखिले हुए हैं।