-एयूडी में एक बार फिर दाखिले का मौका, एक से तीन सितंबर तक वॉक इन दाखिले
-खाली सीटों पर यूजी-पीजी पाठ्यक्रमों में लिया जा सकेगा दाखिला
-सीयूईटी स्कोर के बिना भी उम्मीदवार कर सकेंगे आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय (एयूडी) शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विभिन्न यूजी-पीजी पाठ्यक्रमों में एक बार फिर दाखिले का मौका देने जा रहा है। इसके लिए विशेष दाखिला अभियान के तहत एक से तीन सितंबर तक वॉक इन दाखिले होंगे। खास बात यह है कि इसमें सीयूईटी स्कोर के बिना बारहवीं के अंकों के आधार पर भी उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे। एयूडी में अब भी स्नातक (यूजी) स्नातकोत्तर (पीजी) की सीटें खाली हैं। ऐसे में इन्हें भरने के लिए प्रशासन ने वॉक इन विशेष प्रवेश अभियान की घोषणा की है। दाखिले के इच्छुक उम्मीदवारों को निर्धारित तिथि पर विश्वविद्यालय में पहुंचकर पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। 01 सितंबर को सभी स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के उम्मीदवारों के लिए विशेष अभियान आयोजित होगा।
दो सितंबर को सभी वर्गों के लिए स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों और 3 सितंबर को सभी वर्गों के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। खास बात यह है कि जिन उम्मीदवारों ने सीयूईटी परीक्षा नहीं दी है, वे भी संबंधित पाठ्यक्रम की पात्रता शर्तें पूरी करने पर आवेदन कर सकेंगे। हालांकि दाखिले में प्राथमिकता मानदंड के तहत सीयूईटी स्कोर वाले उम्मीदवारों को वरीयता दी जाएगी। गैर सीयूईटी उम्मीदवारों को उनके बारहवीं के अंकों के आधार पर तैयार होने वाली मेरिट से दाखिला मिलेगा। जबकि स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए स्नातक डिग्री में प्राप्त अंकों या ग्रेड के आधार पर तय की जाएगी। विवि के अनुसार, पहले के दाखिला चरणों में शामिल हुए, लेकिन दाखिला नहीं ले सके उम्मीदवारों को पात्रता और सीट उपलब्धता के आधार पर पहली प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसे उम्मीदवारों को भी विशेष अभियान में अनिवार्य रूप से शामिल होकर निर्धारित समय में शुल्क भुगतान और प्रवेश संबंधी प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
उम्मीदवारों को संबंधित तिथि पर सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच पंजीकरण और विशेष अभियान का आवेदन जमा करना होगा। इसके लिए एयूडी कैंपस में भौतिक रूप से उपस्थित होना अनिवार्य है। मेरिट सूची उसी दिन शाम 4:30 बजे तक जारी की जाएगी। मेरिट में चयनित उम्मीदवारों को इसके बाद तत्काल शुल्क भुगतान सहित प्रवेश की अन्य औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। आवेदन के समय उम्मीदवारों को स्व-सत्यापित दस्तावेज साथ लाने होंगे। इनमें सीयूईटी स्कोर कार्ड (जहां लागू हो) पासपोर्ट साइज फोटो, पहचान और पते का प्रमाण, शैक्षणिक प्रमाण पत्र व अंक पत्र तथा लागू आरक्षण श्रेणी का प्रमाण पत्र शामिल हैं। अधूरे या त्रुटिपूर्ण आवेदन और दस्तावेजों पर विचार नहीं किया जाएगा। पाठ्यक्रमवार पात्रता, उपलब्ध सीटों और प्रवेश संबंधी जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर मिलेगी।