राजधानी के डोमेस्टिक एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम को उस समय भगदड़ मच गई जब चेकिंग से नाराज एक गार्डन डिजाइनर ने पावर बैकअप को दीवार पर मारकर धमका कर दिया। एयरपोर्ट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी गार्डन डिजाइनर को उसी समय गिरफ्तार कर लिया।
एयरपोर्ट पुलिस अधिकारियों के अनुसार दिल्ली के पॉश इलाका डिफेंस कॉलोनी में रहने वाली मालाविका तिवारी (56) पेशे से गार्डन डिजाइनर हैं। वह मंगलवार शाम को अपने परिचित के साथ दिल्ली से धर्मशाला जा रही थी।
एयरपोर्ट पर जब उनका बैग चेक किया जा रहा था तो उसमें पावर बैकअप निकला। सीआईएसएफ के सुरक्षा अधिकारियों ने पावर बैकअप को एयरपोर्ट पर जमा कराने की बात कही। बताया कि यह पावर बैकअप फ्लाइट में नहीं जा सकता है।
इससे गुस्से में आकर मालाविका तिवारी पहले तो सुरक्षा कर्मियों से झगड़ा करने लगी और फिर पावर बैकअप को दीवार पर दे मारा। दीवार से टकराते ही पावर बैकअप फट गया और जोर से धमाका हुआ। इससे एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों को लगा कि बम धमका हुआ है और एयरपोर्ट पर भगदड़ मच गई।