-मध्य जिला पुलिस ने 14 जुलाई को आनंद पर्वत इलाके में हुई लूटपाट की गुत्थी को सुलझाया
-महिला पर पहले से छह मामले
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मध्य जिला पुलिस ने आनंद पर्वत इलाके में कैश कलेक्शन एजेंट से लूटपाट के मामले का खुलासा करते हुए महिला अफसाना खातून (26) और रूपेश भारती (26) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल एक बाइक बरामद की है। अफसाना 2024 के एक लूट मामले में पहले से वांछित थी और उस पर छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 14 जुलाई को जखीरा फ्लाईओवर के पास एक व्यक्ति से करीब 40 हजार रुपये लूटे गए थे। पीड़ित कैश इकट्ठा कर दफ्तर लौट रहा था। फ्लाईओवर की सीढ़ियों पर एक महिला व तीन साथियों ने उसे घेरकर जान से मारने की धमकी दी और कैश लूटकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में पता चला कि आरोपी महिला के चेहरे पर कट का निशान था, जिससे आरोपी की पहचान हुई। सोमवार को जखीरा फ्लाईओवर के पास से पुलिस ने अफसाना और रूपेश को गिरफ्तार कर लिया गया। रूपेश भी चोरी के मामले में शामिल रहा है। पुलिस फरार साथियों की तलाश कर रही है।