अनाज मंडी अग्निकांड के एक सप्ताह बाद रविवार सुबह एक और शख्स ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अब अग्निकांड में मरने वालों की संख्या 44 हो गई है। जिस शख्स की रविवार सुबह मौत हुई उसका नाम मो. मुकिम था। वह अनाजमंडी अग्निकांड में 55 फीसदी जल गया था और वह एलएनजेपी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती था।
दूसरी तरफ इमारत का तीसरा मालिक इमरान अभी भी पुलिस गिरफ्त से दूर है। पुलिस इसकी तलाश करने के लिए दिल्ली व एनसीआर में छापेमारी कर रही है। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के अधिकारियों के अनुसार मो. मुकिम की रविवार सुबह एलएनजेपी अस्पताल में मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि मो. मुकिम के शव का पोस्टमार्टम करवाकर रविवार सुबह परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे के वक्त मो. मुकिम तीसरी मंजिल पर था। वह फैक्टरी में मजूदरी का काम करता था। मूलरूप से मधुबनी, बिहार के रहने वाले मो. मुकिम की कुछ दिन पहले अपने भाई मो. चिन्नू से बात हुई थी। चिन्नू ने कहा था कि घटना के समय उसका भाई तीसरी मंजिल पर था। जब आग लगी तो वह सोया हुआ था। आग लगने के कारण हुए शोर से उसकी नींद टूटी।
वह खिड़की के जरिए दूसरी छत पर कूदा था। इस दौरान वह आग की चपेट में आ गया था। आग की चपेट में आने से मो. मुकिम 55 फीसदी जल गया था। शुरू से ही वह एलएनजेपी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अब जितने भी झुलसे लोगअस्पताल में भर्ती हैं, इनमें सभी की हालत खतरे से बाहर है।
उम्मीद जताई जा रही है कि अस्पताल में भर्ती लोगों को जल्द ही छुट्टी दे दी जाएगी। गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस इमारत के दो मालिक रेहान व उसके साले सौहेल को गिरफ्तार कर चुकी है।