दशहरे पर रावण दहन के लिए पुलिस, पैरामिलिट्री और फायर ब्रिगेड अलर्ट
रावण दहन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, सीसीटीवी से होगी निगरानी
वीआईपी मूवमेंट के चलते सुरक्षा कड़ी, बड़ी संख्या में लोगों के जुटने के आसार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दशहरे पर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा का अभेद्य घेरा रहेगा। 20 अक्तूबर को रावण दहन के दौरान प्रमुख रामलीला स्थलों पर भारी भीड़ जुटने और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए दिल्ली पुलिस, अर्धसैनिक बलों और खुफिया एजेंसियों को अलर्ट पर रखा है। वहीं, आग से बचाव के लिए फायर सर्विस ने भी कमर कस ली है। प्रमुख रामलीला आयोजनों में राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई बड़े नेताओं व फिल्मी सितारों के पहुंचने की संभावना है। रामलीलाओं में दशहरे के दिन बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। वहीं, रावण दहन के दौरान आग से जुड़ी किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए दिल्ली फायर सर्विस ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आईपी एक्सटेंशन स्थित इंद्रप्रस्थ रामलीला कमेटी के आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लालकिला स्थित श्री धार्मिक लीला कमेटी में गृहमंत्री अमित शाह, द्वारका सेक्टर-10 की श्री रामलीला सोसायटी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और लवकुश रामलीला कमेटी के आयोजन में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के पहुंचने की सूचना है। वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए इन रामलीला स्थलों पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां आयोजन स्थलों, प्रवेश और निकास द्वारों, आसपास के इलाकों तथा वीआईपी रूट पर विशेष निगरानी रखेंगी। भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
दिल्ली फायर सर्विस ने रामलीला आयोजकों को अग्नि सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली फायर सर्विस के चीफ फायर ऑफिसर एके मलिक ने बताया कि दशहरे के आयोजनों को लेकर सभी रामलीला कमेटियों को पत्र जारी किए हैं। इनमें अस्थायी पंडाल और अन्य ढांचे तैयार करते समय संबंधित भारतीय मानक (आईएस स्पेसिफिकेशन) तथा आग से बचाव और अग्नि सुरक्षा से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा है। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थलों पर आग से बचाव के इंतजाम केवल कागजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए।
बहुस्तरीय होगी सुरक्षा व्यवस्था : दिल्ली में दशहरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बहुस्तरीय रखी जाएगी। पुलिस और अर्धसैनिक बल भीड़ नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था संभालेंगे, जबकि खुफिया एजेंसियां संभावित सुरक्षा खतरों पर नजर रखेंगी। प्रमुख रामलीला स्थलों और संवेदनशील स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
1500 से 2000 जवान संभालेंगे सुरक्षा : उत्तरी दिल्ली की डीसीपी निहारिका भट्ट ने लालकिला रामलीला मैदान में विजयादशमी समारोह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बताया कि विजयादशमी के अवसर पर उत्तरी जिले में तीन बड़ी रामलीलाओं का आयोजन हो रहा है, जिनमें भारी संख्या में लोग जुटते हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 1500 से 2000 जवानों को तैनात किया है। इनमें उत्तरी जिले की स्थानीय पुलिस, यातायात पुलिस और अतिरिक्त बल के अधिकारी शामिल हैं।
पुलिस हेल्प डेस्क और सीसीटीवी से निगरानी : डीसीपी ने बताया कि पुलिसकर्मियों की तैनाती के अलावा, विभिन्न स्थानों पर पुलिस हेल्प डेस्क भी बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए दिल्ली पुलिस के सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लालकिला रामलीला मैदान में विजयादशमी समारोह को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं।