यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर महिला सुरक्षा पर उठाए सवाल, कांग्रेस से मांगा जवाब
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
कांग्रेस सांसद अंगामचा विमोल अकोइजाम के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर दिल्ली भाजपा अनुसूचित जाति-जनजाति मोर्चा ने सोमवार को कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदेश महामंत्री योगिता सिंह के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने सांसद के इस्तीफे की मांग की। साथ ही कांग्रेस से पूरे मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करने को कहा। योगिता सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिला सुरक्षा और महिलाओं के सम्मान की बात करती है, लेकिन अपने सांसद से जुड़े मामले पर उसे जवाब देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि छात्राओं की शिकायतों और विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति के निष्कर्षों के बावजूद कांग्रेस की ओर से स्पष्ट जवाब नहीं आया है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा के मुद्दे पर राजनीतिक दलों को अपने नेताओं से जुड़े मामलों में भी जवाबदेही तय करनी चाहिए। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों में राजनीतिक दलों का रवैया एक जैसा होना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि वह अपने सांसद से जुड़े प्रकरण में क्या कार्रवाई कर रही है और इस मामले में जवाबदेही कैसे तय की जाएगी। दिल्ली भाजपा अनुसूचित जाति-जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष सी.एल. मीणा ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर छात्राओं के लिए सुरक्षित होना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से मामले पर सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष रखने और महिला सुरक्षा के सवाल पर जवाब देने की मांग की।