गाजियाबाद में अज्ञात वाहन की टक्कर से विद्युत पोल टूट गया। इससे उस पर रखा ट्रांसफार्मर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की जाएगी।
मसूरी के एमजी रोड पर स्थित राहत स्कूल के पास सोमवार रात आठ बजे एक अज्ञात वाहन की टक्कर से विद्युत पोल टूट गया, जिससे उस पर रखा ट्रांसफार्मर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। टूटा हुआ पोल पास के निर्माणाधीन घर की दीवार पर अटक गया। घटना के समय वहां कोई मजदूर मौजूद नहीं था, इसलिए कोई हताहत नहीं हुआ।
विज्ञापन
जाफर कॉलोनी निवासी बीडीसी सदस्य नौशेर और मो. नईम ने बताया कि एक वर्ष पहले एमजी रोड का विस्तारीकरण हुआ था, जिसके बाद विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर सड़क के बीच में आ गए। पहले ये सड़क के किनारे थे। सड़क पर पोल होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले भी एक ट्रैक्टर की टक्कर से पोल टूटा था, लेकिन विद्युत विभाग ने इसे ठीक नहीं किया। सोमवार रात को हुई इस घटना में ट्रांसफार्मर टूट गया।
उपखंड अधिकारी प्रकाश सिंह ने बताया कि नए विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर के लिए ऑनलाइन आवेदन कर दिया गया है। जल्द ही इन्हें स्थापित कर दिया जाएगा। साथ ही, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की जाएगी।