सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आम्रपाली के खरीदारों की रजिस्ट्री प्रक्रिया की शुरुआत बुधवार से होगी। इससे पहले खरीदारों का पूरा डाटा खंगालने का काम होगा। लिहाजा, नोएडा प्राधिकरण की टीम सेक्टर-45 के आम्रपाली सफायर फेज-1 पहुंचेगी। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के तहत वरिष्ठ अधिवक्ता आर वेंकटरमानी को कोर्ट रिसीवर नियुक्त किया गया है।
उन्हें बिल्डर का अधिकार दिया गया है। उनके सहयोग से खरीदारों व प्राधिकरण के बीच त्रिपक्षीय सब लीज डीड (उप पट्टा प्रलेख) का काम होना है। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी राजेश कुमार के निर्देशन में एक स्पेशल सेल का भी गठन किया गया है। इस सेल के माध्यम से आम्रपाली के खरीदारों के प्रश्नों का जवाब दिया जा रहा है, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि 21 अगस्त से सेक्टर-45 के आम्रपाली सफायर फेज-1 के फ्लैट खरीदारों की उपलब्ध कराई गई सूची का सत्यापन का काम शुरू होगा। प्राधिकरण की ओर से गठित सेल के अधिकारी-कर्मचारी सोसाइटी परिसर में सुबह 11 बजे उपस्थित होकर खरीदारों से संपर्क करेंगे और त्रिपक्षीय सब लीज डीड कराने हेतु दस्तावेज की जांच करते हुए आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करेंगे। दस्तावेज के परीक्षण किए जाने के स्तर पर आवंटी की व्यक्तिगत उपस्थिति आवश्यक नहीं होगी, लेकिन सब लीज डीड के दौरान आवंटी की व्यक्ति उपस्थिति आवश्यक होगी।