गांधी नगर को एशिया की सबसे बड़ी गारमेंट मार्केट कहा जाता है। यहां 11 हजार से अधिक दुकानें हैं। यहां पांच बड़े बाजार अशोक बाजार, सुभाष रोड बाजार, रामनगर बाजार, शांति मोहल्ला मार्केट और रघुबरपुरा मार्केट हैं। ईसीआईएल ने मार्केट की सुरक्षा के लिए मेन रोड व भीड़ वाले स्थानों पर 40 कैमरे लगाए हुए हैं। इनका कंट्रोल रूम गांधी नगर थाने में है।
पड़ताल के दौरान यहां महज 20 कैमरे सही मिले। बाकी कैमरे खराब हैं। यहां भी दुकानदारों द्वारा लगवाए गए निजी कैमरों पर ही लोगों की सुरक्षा का जिम्मा है। गांधी नगर मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष कंवल कुमार बल्ली ने बताया कि दिल्ली सरकार की ओर से यहां एक भी कैमरा नही लगा है। कई बार इस संबंध में सरकार को लिखा जा चुका है।
बंगाली मार्केट में कुल चार कैमरे, उनमें भी दो खराब
बंगाली मार्केट इलाके में बदमाशों ने देशके सॉलिसिटर जनरल की पत्नी अपर्णा मेहता से मोबाइल झपट लिया। यहां सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की गई तो पता चला कि करीब तीन साल पहले दिल्ली सरकार ने एनडीएमसी के साथ मिलकर चार कैमरे लगवाए थे। इनमें से दो खराब मिले। जहां अपर्णा मेहता के साथ झपटमारी हुई, वहां का कैमरा खराब था।
बंगाली मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश गुप्ता ने बताया कि मार्केट की सुरक्षा भगवान भरोसे है। वहीं, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष वाईके आनंद का कहना है कि दिल्ली सरकार की ओर से पूरी कॉलोनी में 28 कैमरे लगा दिए गए हैं, लेकिन उनका एक्सेस अभी नहीं मिला है। 25 और कैमरे लगवाए जाने हैं। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद इनका एक्सेस आरडब्ल्यूए, पुलिस और निजी कंपनी को मिल जाएगा।
ईसीआईएल के कैमरे खराब होने के लिए ज्यादातर निर्माण कार्य जिम्मेदार होता है। सिविक एजेंसियां (जल बोर्ड, बीएसईएस, एमसीडी, एनडीएमसी, डीएमआरसी) अपना-अपना काम करती रहती हैं। इससे इनकी केबल टूट जाती हैं। इन्हें ठीक कराना हमारा काम नहीं। ईसीआईएल इनकी समय-समय पर देखरेख और मरम्मत करती है- शरद कुमार सिन्हा, डीसीपी पी एंड एल
राजधानी में ऐसे होते हैं अपराध
. रोज औसतन 18 झपटमारी (हर माह 538)
. हर दिन 128 वाहन चोरी (हर माह 3847)
. रोज 17 मकानों में चोरी (हर माह 496)
. सड़क हादसों में रोज चार मौतें (हर माह 120)
राजधानी में सीसीटीवी कैमरों के हालात
. ईसीआईएल ने फिलहाल 4000 कैमरे लगाए हैं।
. ईसीआईएल 3000 हजार कैमरे और लगाने की तैयारी कर रहा है।
. दिल्ली पुलिस जल्द ही 6630 कैमरे लगवाएगी। चल रही है तैयारी।
. 10 हजार और कैमरों के लिए दिल्ली पुलिस ने भेजा हुआ है प्रस्ताव।
. सांसद निधि से 1200 कैमरे लगने हैं। इनमें से 200 लग चुके हैं।
. रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, एयरपोर्ट पर लगे हैं 12 हजार से अधिक कैमरे।
. दिल्ली में नागरिकों ने अपनी-अपनी इमारतों व दुकानों पर लगवाए हुए हैं करीब 2.10 लाख कैमरे।
. दिल्ली सरकार 1.40 लाख कैमरे लगवाने की तैयारी कर रही है। कुछ जगहों पर लग चुके हैं।
. एनडीएमसी ने अपने क्षेत्र में 2500 कैमरे लगवाए हैं।