गाजियाबाद में जेल भेजने की धमकी देकर ऑनलाइन रिश्वत लेने के आरोप में एसएसपी कलानिधि नैथानी ने दरोगा हरेंद्र कुमार जादौन को निलंबित कर दिया है। हरेंद्र कुमार को छेड़छाड़ के विरोध पर महिला से मारपीट के मामले में लापरवाही बरतने पर दो दिन पहले ही शास्त्रीनगर चौकी इंचार्ज पद से हटाते हुए लाइन हाजिर किया गया था।
एसएसपी का कहना है कि एसपी सिटी मामले की जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आईजी रेंज प्रवीण कुमार ने भी पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है।
आईजी प्रवीण कुमार का कहना है कि जेल भेजने की धमकी देकर खाते में रकम ट्रांसफर कराने का आरोप बेहद गंभीर है। इस मामले में एसएसपी गाजियाबाद ने एसपी सिटी को जांच सौंपी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दरोगा के खाते में रकम नहीं गई है।
किसी अन्य के अकाउंट में 10 हजार रुपये ट्रांसफर हुए हैं। किसके द्वारा किसके खाते में रकम भेजी गई है, इसकी जांच कराई जा रही है। वहीं, एसएसपी कलानिधि नैथानी का कहना है कि दरोगा हरेंद्र कुमार जादौन पर लगे आरोप बेहद गंभीर हैं। किसी तरह से जांच प्रभावित न हो, इसके लिए दरोगा को सस्पेंड कर दिया गया है।
यह था मामला...
सिहानी गेट क्षेत्र में स्थित एक फैक्टरी में काम करने वाला युवक गत 12 सितंबर को अपने साथी के साथ किसी काम से शास्त्री नगर आया था। वहां किसी बात को लेकर कुछ युवकों से विवाद हो गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे शास्त्रीनगर चौकी के तत्कालीन इंचार्ज हरेंद्र कुमार जादौन ने उन्हें पकड़ लिया और चौकी ले आए। आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने जेल भेजने की धमकी देकर फैक्टरी कर्मचारी से रिश्वत मांगी। जेब में पैसे न होने की बात कहने पर चौकी इंचार्ज ने अपनी जानकार महिला के खाते में 10 हजार रुपये ट्रांसफर कराए थे।