एक ही छत के नीचे बड़ों से लेकर बच्चों तक के लिए मनोरंजन का ख्याल
आदित्य पाण्डेय
नई दिल्ली।
व्यापार मेला सिर्फ खरीदारी का नहीं बल्कि सीख, सलाह और मनोरंजन का बड़ा केंद्र बन गया है। यहां बैंकिंग, बीमा, निवेश और टैक्स पर चल रही मुफ्त मास्टरक्लास लोगों को खूब पसंद आ रही है। वहीं, विदेशी पवेलियनों में रंग-बिरंगे मेवे और साज-सिंगार के सामान खरीदने वालों की भीड़ लगी है।
मेले के सरकारी और निजी पवेलियन इस बार लोगों को सिर्फ उत्पाद बेचने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जीवन के कई अहम क्षेत्रों में सही जानकारी और सलाह देने का बड़ा मंच बन गए हैं। सेबी के पवेलियन में आर्थिक विशेषज्ञ लगातार लोगों को समझा रहे हैं कि बाजार में निवेश करते समय कौन सी सावधानियां जरूरी हैं और कमाई को सुरक्षित रखते हुए पैसे बढ़ाने के सही तरीके क्या हैं।
यहां मास्टरक्लास में बड़ी संख्या में युवा, नौकरीपेशा लोग और रिटायर नागरिक हिस्सा ले रहे हैं। एसबीआई और जीएसटी के पवेलियन में भी लंबी कतारें देखी जा रही हैं। यहां आने वाले लोगों को बजट प्लानिंग, डिजिटल पेमेंट के सुरक्षित तरीके और टैक्स से जुड़े अहम सवालों के जवाब बिल्कुल मुफ्त में दिए जा रहे हैं। एलआईसी के पवेलियन में लोग अपने लिए बेहतर बीमा प्लान समझ रहे हैं और परिवार के लिए लॉन्ग टर्म सुरक्षा कैसे बनाई जाए यह सीख रहे हैं। वहीं, सरकारी पवेलियन में बच्चों के लिए मैजिक शो, गेम जोन, वीडियो गेम जोन, पाठशाला, किड्स जोन और 10 साल तक के बच्चों के लिए बास्केटबॉल व वॉलीबॉल प्रैक्टिस नेट लगाया गया है। जीएसटी के स्टॉल पर कठपुतली का नृत्य हर गुजरने वाले का ध्यान खींच रहा है।
विदेशी पवेलियन में महिलाओं की भीड़
विदेशी पवेलियनों में महिलाओं को साज-सज्जा और सौंदर्य से जुड़े उत्पाद खूब पसंद आ रहे हैं। अफगानिस्तान और ईरान के सूखे मेवे, रंग-बिरंगे खजूर उत्पाद, केसर, शिलाजीत और अरेबिक टी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। इनके स्टॉल पर चखकर खरीदने की सुविधा भी दी जा रही है जिससे भीड़ लगातार बढ़ रही है। इजिप्ट के होम डेकोरेशन आइटम और खास तरह की लाइटें भी ट्रेड फेयर में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। इस बार ट्रेड फेयर खरीदारी के साथ साथ ज्ञान, मनोरंजन और अनुभव का भी अनोखा मिश्रण बनकर सामने आया है जहां हर उम्र और हर पसंद का कुछ न कुछ जरूर मिल रहा है।