शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और शिरोमणि अकाली दल (डेमोक्रेटिक) के प्रधान और राज्यसभा सांसद सुखदेव सिंह ढींढसा ने किसानों के समर्थन में अपना पद्म अवार्ड लौटा दिया। बादल का कहना है कि वे किसानों के साथ किए जा रहे केंद्र सरकार के व्यवहार से आहत हैं।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविद को लिखी तीन पन्ने की चिट्ठी में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल ने कहा है कि मैं इतना गरीब हूं कि किसानों के लिए कुर्बान करने के लिए मेरे पास कुछ और नहीं है, मैं जो भी हूं किसानों की वजह से हूं। ऐसे में अगर किसानों को अपमान हो रहा है, तो किसी तरह का सम्मान रखने का कोई फायदा नहीं है।
कृषि कानूनों के मुद्दे पर केंद्र और किसानों में जारी गतिरोध के बीच पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गुरुवार दोपहर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके घर पर मुलाकात की। दोनों नेताओं ने तीन कृषि कानूनों के मुद्दे पर चर्चा की। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गृह मंत्री से नए कृषि कानूनों के खिलाफ जारी किसानों के प्रदर्शन को समाप्त करने के लिए जल्द समाधान निकालने को कहा।
बैठक के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि कृषि कानूनों के मुद्दे पर किसानों और केंद्र के बीच वार्ता चल रही है। इस मामले में उनके हाथ में कुछ नहीं है। उन्होंने गृह मंत्री के साथ बैठक में अपना विरोध दोहराया और उनसे इस मुद्दे को हल करने का अनुरोध किया। वहीं आजाद किसान संघर्ष समिति के नेता हरजिंदर सिंह टाडा ने कहा कि सरकार मानती है कि एमएसपी रहेगी। बात आगे बढ़ी है। हम लोगों ने कहा कि तीनों कानून वापस लो। उसके बाद एमएसपी पर गारंटी दी जाए।