10 अक्तूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की तरफ से बड़े प्रदर्शन का एलान किया गया है। इस बीच रेलवे ने नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास शनिवार सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे तक भारी जाम की आशंका के चलते कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को उनके प्रारंभिक स्टेशन से ही रद्द कर दिया गया है। 9 अक्तूबर को दोपहर दो बजे के बाद अपने प्रारंभिक स्टेशन से चलने वाली और 10 अक्तूबर को सुबह चार से दोपहर दो बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की गई हैं।
रेलवे के अनुसार, यह फैसला दिल्ली में 10 अक्तूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। रेलवे का कहना है कि प्रदर्शन के कारण सड़कों पर भारी भीड़ और यातायात अवरोध होने से करीब पांच हजार यात्री समय पर स्टेशन नहीं पहुंच सके थे और ट्रेन उनके बिना रवाना हो गई थी। इसलिए रेलवे ने पहले ही परिचालन में बदलाव किया है।
दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन रहेंगे बंद
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार यानी आज रात 9 बजे से कल तक 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद करने का प्रस्ताव दिया था। जिसे दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) के अधिकारियों ने मंजूरी दे दी है।
डीएमआरसी के मुताबिक, मेट्रो स्टेशनों पर आने-जाने (एंट्री और एग्जिट) की सुविधा 9 अक्तूबर, 2026 को रात 9 बजे से बंद रहेगी और अगले आदेश तक 10 अक्तूबर, 2026 को भी बंद रहेगी। हालांकि, यात्रियों को इंटरचेंज सुविधाओं का लाभ उठाने की अनुमति होगी। इसका मतलब है कि यात्री एक लाइन से दूसरी लाइन में बदल सकेंगे। लेकिन वे स्टेशन से बाहर नहीं निकल पाएंगे। साथ ही, इन स्टेशनों में प्रवेश भी नहीं कर पाएंगे। यह कदम सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर उठाया गया है। पुलिस ने बताया कि इन स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद करने का सुझाव दिया था।
सबसे ज्यादा 20 मेट्रो स्टेशन येलो लाइन पर बंद
सबसे अधिक मेट्रो स्टेशन येलो लाइन पर 20 मेट्रो स्टेशन बंद होंगे। इनमें प्रमुख रूप से आजादपुर, हैदरपुर बादली मोड़ कश्मीरी गेट सेंट्रल सेक्रेटेरिएट राजीव चौक न्यू दिल्ली दिल्ली है और हौज खास को बंद किया जाएगा। रेड लाइन पर इंद्रलोक शाहदरा रिठाला रोड नेताजी सुभाष पैलेस सीमापुरी वेलकम मेट्रो स्टेशन समेत 9 मेट्रो स्टेशन बंद किए जाएंगे। ब्लू लाइन पर रामकृष्ण आश्रम झंडेवालान सुप्रीम कोर्ट मंडी हाउस करोल बाग बाराखंबा रोड राजेंद्र पैलेस समेत कुल 8 मेट्रो स्टेशन बंद होंगे। इसके अलावा पिंक मेट्रो मैजेंटा मेट्रो वायलेट मेट्रो लाइन के भी स्टेशन देर रात 9 बजे से बंद रहेंगे।
सीजेपी ने 3 अक्तूबर को मुंबई में प्रदर्शन के बाद 10 अक्तूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का एलान किया था। पार्टी की ओर से कहा गया था कि अगर पुलिस उन्हें रास्ते में रोकती है तो वे उसी जगह बैठकर प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन की अनुमति के लिए सीजेपी के सह-संयोजक सौरव दास 7 अक्तूबर को संसद मार्ग थाने पहुंचे थे।
उन्होंने पुलिस को प्रदर्शन की जानकारी देते हुए औपचारिक पत्र सौंपा। हालांकि, दिल्ली पुलिस की ओर से प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। पुलिस के मुताबिक, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए पहले से अनुमति लेना जरूरी है। सीजेपी का कहना है कि अनुमति न मिलने के बावजूद 10 अक्तूबर का कार्यक्रम जारी रहेगा। प्रदर्शन में यूट्यूबर ध्रुव राठी भी शामिल होंगे।