भुज-बरेली आला हजरत एक्सप्रेस में शनिवार को पानी खत्म होने पर यात्रियों ने हंगामा कर दिया। शाम चार बजे रेलगाड़ी गाजियाबाद स्टेशन पर रुकी तो यात्रियों ने पानी का इंतजाम किए बिना आगे नहीं बढ़ने दिया।
सूचना पर आरपीएफ, स्टेशन अधीक्षक व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और यात्रियों को शांत करने का प्रयास किया। रेलवे अधिकारियों ने मुरादाबाद में पानी का इंतजाम करने का आश्वासन देकर करीब आधे घंटे बाद ट्रेन आगे रवाना की।
आला हजरत एक्सप्रेस के कोच संख्या ए-1 में दिल्ली से पहले ही पानी खत्म हो गया था। यात्रियों का आरोप था कि शिकायत पर उन्हें दिल्ली में पानी का इंतजाम करने का आश्वासन दिया गया।
दिल्ली में भी बिना पानी दिए ट्रेन गाजियाबाद के लिए रवाना कर दी गई। गाजियाबाद में ट्रेन पहुंची तो यात्रियों ने हंगामा कर दिया। जैसे ही ट्रेन रवाना होने लगी गुस्साए यात्रियों ने चेन पुलिंग कर दी।
आरपीएफ और रेलवे अधिकारियों को सूचना दी गई। स्टेशन अधीक्षक सुरेश मेहता और आरपीएफ के एएसआई एसडी मीणा व कांस्टेबलों ने मौके पर पहुंच यात्रियों को शांत कराने का प्रयास किया।
उन्होंने यात्री से बगल के एसी थर्ड कोच का टॉयलेट इस्तेमाल करने की गुजारिश की, लेकिन यात्री नहीं मानें। हालांकि स्टेशन अधीक्षक ने मुरादाबाद स्टेशन को मैसेज कर सूचना दी और यात्रियों को आश्वासन दिया कि मुरादाबाद स्टेशन पर पानी का इंतजाम हो जाएगा।
इसके बाद यात्रियों का गुस्सा शांत हुआ। करीब आधे घंटे बाद साढ़े चार बजे ट्रेन आगे रवाना हो सकी।
शताब्दी में खराब ब्रेड देने पर हंगामा
नई दिल्ली-देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस में शनिवार को नाश्ते में खराब ब्रेड देने पर यात्री भड़क गए। शनिवार सुबह 9.40 बजे नई दिल्ली-देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर छह पर रुकी तो चेयर कार कोच के यात्री उतरकर हंगामा करने लगे।
यात्री राजीव मल्होत्रा, देहरादून के नीरज शर्मा, सुरेंद्र कुमार व अन्य मुसाफिरों ने आरोप लगाया कि यात्रियों को दिए गए ब्रेड बासी और फंगस वाले हैं।