फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मानसून की विदाई से बिगड़ी वायु गुणवत्ता: मौसम के बदलते ही खराब हुई हवा, अगले तीन दिनों तक राहत के नहीं आसार

Sat, 01 Oct 2022 09:00 PM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ा प्रदूषण का स्तर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मौसम के बदलते ही हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है। इस कड़ी में शनिवार को एनसीआर के शहरों की हवा सबसे खराब दर्ज हुई है। गाजियाबाद की हवा 210 व गुरुग्राम की हवा 219 एक्यूआई के साथ सबसे खराब दर्ज की गई है। वहीं, दिल्ली की हवा 186 एक्यूआई के औसत श्रेणी के उच्चतम स्तर में पहुंच गई है। वायु मानक एजेंसियों का पूर्वानुमान है कि अगले तीन दिनों तक हवा की गुणवत्ता औसत से लेकर खराब श्रेणी के निचले स्तर पर बनी रहेगी।

विज्ञापन

केंद्र की वायु मानक संस्था सफर इंडिया के मुताबिक, बीते 24 घंटे में पीएम 2.5 से बड़े कणों की पीएम 10 में 55 फीसदी हिस्सेदारी रही है। दक्षिण-पश्चिमी मानसून की विदाई की वजह से हवा की गुणवत्ता पर प्रभाव पड़ेगा। अगले तीन दिनों तक हवा की रफ्तार आठ से 18 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रहेगी। मौसमी परिस्थितियों में हुए बदलाव की वजह से वायु गुणवत्ता औसत से खराब श्रेणी में बनी रहेगी। 

विशेषज्ञों का कहना है कि अभी पराली से होने वाले प्रदूषण की दिल्ली-एनसीआर के प्रदूषण में न के बराबर हिस्सेदारी है। स्थानीय स्तर पर होने वाला प्रदूषण व वाहनों से होना वाला उत्सर्जन इस समय प्रदूषण का अहम कारक है। साथ ही हवा की रफ्तार भी कम है। यही वजह है कि हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है। शनिवार को पीएम 10 का स्तर 167 व पीएम 2.5 का स्तर 79 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर रिकॉर्ड किया गया। 

भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान के मुताबिक, इस समय हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम बनी हुई है। अगले तीन दिनों तक हवा की दिशा में बदलाव की संभावना नहीं है। शनिवार को मिक्सिंग हाइट का स्तर 2800 मीटर रहा, जो कि अगले 24 घंटे में घटकर 2650 व मंगलवार को दो हजार मीटर तक हो सकता है। वहीं, वेंटिलेशन इंडेक्स का स्तर शनिवार को 15900 वर्ग मीटर प्रति सेकेंड दर्ज किया गया है। अगले 24 घंटे में इसके 19500 वर्ग मीटर प्रति सेकेंड रहने की संभावना है। वहीं, मंगलवार तक यह 16300 वर्ग मीटर प्रति सेकेंड रह सकता है।
विज्ञापन

दिल्ली-एनसीआर का एक्यूआई
दिल्ली- 186
फरीदाबाद-176
गाजियाबाद-210
ग्रेटर नोएडा-195
गुरुग्राम-219
नोएडा-172
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें