शहर में शुक्रवार रात व शनिवार तड़के विद्युत निगम के लिए ओले मुसीबत बनकर गिरे। पूरे दिन कई सेक्टरों व गांवों में रहने वाले लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। वहीं, निगम के कर्मियों को उपभोक्ताओं की शिकायतों को दूर करने के लिए पूरे दिन दौड़ लगानी पड़ी। शाम करीब पांच बजे के बाद आपूर्ति सामान्य हो सकी।
दरअसल, ओले गिरने से ट्रांसफार्मरों के साथ-साथ विद्युत लाइनें भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गईं। सेक्टर-71, सेक्टर-72, 73, 74, बरौला, सेक्टर-49, 47, 46, 44, छलेरा-सदरपुर गांव, चौड़ा रघुनाथपुर, नया बांस, भंगेल, सलारपुर समेत अन्य सेक्टरों व गांवों में लोगों को फॉल्ट के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। सेक्टर-71 निवासी बृजेश गुर्जर ने बताया कि सुबह से दस से अधिक बार कटौती हुई। शिकायत करने पर निगम के अधिकारी स्थानीय विद्युत लाइन में तकनीकी खराबी का हवाला देकर जल्द आपूर्ति शुरू करने का आश्वासन देते रहे।
सेक्टर-44 निवासी मनीष गुप्ता ने बताया कि सुबह से हर घंटे आपूर्ति बाधित होती रही। बार-बार शिकायत करने के बाद भी किसी वरिष्ठ अधिकारी ने संज्ञान नहीं लिया। वहीं, मुख्य अभियंता हरीश बंसल का कहना है कि कुछ स्थानों पर बारिश और ओले के कारण दिक्कत आई थी जिसे दूर कर आपूर्ति शुरू करा दी गई थी।