अमेरिका के सेंट पीटर्स यूनिवर्सिटी अस्पताल के ऑर्थोपेडिक सर्जन की मदद से एम्स में भर्ती एक महिला मरीज के घुटने का प्रत्यारोपण नए डिजाइन से अमेरिका में तैयार किए गए आधुनिक घुटने से किया गया है। नए डिजाइन से तैयार घुटने का प्रयोग पहली बार किया गया है।
अमेरिका और एम्स के डॉक्टरों का दावा है कि यह वास्तविक घुटने की तरह काम करता है और इसकी आयु 30 वर्ष के करीब है। अमेरिका के सेंट पीटर्स यूनिवर्सिटी अस्पताल के ऑर्थोपेडिक सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. अल्फ्रेड ट्रिया ने कहा कि पहली बार इस डिजाइन से तैयार घुटने का प्रयोग भारत में किसी मरीज पर किया गया है।
नए डिजाइन से तैयार आधुनिक घुटना ऑक्सीडाइज्ड जरकोनियम से तैयार किया गया है। घुटने का निचला हिस्सा प्लास्टिक और टाइटेनियम जबकि ऊपरी हिस्सा जरकोनियम से तैयार किया गया है। डॉ. ट्रिया ने बताया कि लैब में घसीट कर इस घुटने की स्टडी की गई है, जिससे स्पष्ट हुआ है कि यह घुटना कम से कम 30 वर्ष तक चलेगा।