निजी स्कूलों की फीस की फांस में फंसे अभिभावक अब सोशल साइट्स पर अपनी आवाज बुलंद करने में जुटे हैं। इस बारे में फेसबुक, ट्विटर पर कई पेज चलाए जा रहे हैं। लोकल सर्कल पर अभिभावकों ने बाकायदा सर्वे शुरू किया है।
बता दें कि बढ़ती फीस के आगे बेबस अभिभावक स्कूलों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सभी स्कूलों में इस तरह का आंदोलन नहीं चल रहा है।
जबकि सभी स्कूलों में अभिभावकों में फीस बढ़ोतरी के खिलाफ रोष है। इस रोष को देखते हुए बड़े पैमाने पर आंदोलन करने के लिए अभिभावकों को कुछ लोग एकजुट कर बड़े आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं।
रेयान पैरेंट्स एसोसिएशन अगेंस्ट फीस हाइक ग्रुप में अभी 343 लोग जुट चुके हैं। डीपीएस फीस हाइक ग्रुप में 294 सदस्य हैं। इसी तरह अन्य स्कूलों के अभिभावकों को अभिभावक एकता मंच अपने ग्रुप में जोड़कर उन्हें एकजुट कर मुहिम को तेज करने की तैयारी कर रहा है।
ग्रुप में दिनेश ने पोस्ट करते हुए लिखा है स्कूलों में फीस बढ़ोतरी पर आखिर कब लगाम लगेगा? प्रशासन सुनता नहीं और सरकार इस पर मौन है। आखिर जाएं तो कहां? अब हमें ही उठना होगा।
परमिंदर सिंह ने लिखा है कि बच्चों के करियर के नाम पर स्कूल अपनी दुकान चला रहे हैं। ऐसी दुकानों के खिलाफ कब कार्रवाई होगी। इसी तरह अन्य अभिभावकों ने भी अपनी राय रखी है। अभिभावक दिनेश लिखते हैं हर वर्ष फीस बढ़ दी जाती है, लेकिन कोई राय नहीं ली जाती है। सीधे थोप दिया जाता है।