एक बार फिर सेक्स वर्कर्स की शिकायत सुनने के लिए गुरुवार को दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल ने जीबी रोड का दौरा करने पहुंची।
उनके साथ कमिश्न की सदस्य प्रोमिला गुप्ता और सारिका चौधरी भी थी। स्वाति मालिवाल ने कोठा नंबर 40,41,42,45, 56, 49 के अलावा कई कोठों में जाकर वहां की सेक्स वर्कर्स के साथ बात की और उनकी समस्याएं जानी।
स्वाति मालीवाल के मुताबिक सेक्स वर्कर्स से बात करने के बाद पाया गया कि वहां काफी समय से कॉन्डम्स की सप्लाई बंद कर दी गई है जिस वजह से सेक्स वर्कर्स को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
कॉन्डंम्स की सप्लाई के लिए लिखा पत्र
आयोग के मुताबिक इस समस्या के समाधान के लिए आयोग ने आज ही दिल्ली स्टेट एड्स कंट्रोल ओर्गेनाइजेशन के डायरेक्टर को पत्र लिखा है जिसमें कॉन्डंम्स की सप्लाई को लेकर रिपोर्ट मांगी गई है।
स्वाति मालिवाल के मुताबिक ट्रैफिकिंग को रोकने के लिए एक केंद्रीय सुझाव समिति बनी है लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी इस समिति की एक भी बैठक नहीं हुई ।
इस समिति का काम छुड़ाए गए बच्चों और लड़कियों की बेहतरी के लिए काम करना था। इस समस्या को लेकर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी को भी एक पत्र लिखा है और कमेटी की बैठक जल्द से जल्द करवाने के लिए कहा है।
दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव को भी लिखा पत्र
मानव तस्करी रोकने और देह व्यापार में शामिल महिलाओं के पुनर्वास के लिए केंद्र सरकार के अलावा दिल्ली सरकार की भी समन्वय समिति बननी थी।
लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आर्डर के बाद भी तीन साल बीतने पर भी यह समिति अबतक नहीं बनी है। आयोग के मुताबिक इस समिति में 25 सदस्य बनाये जाने हैं जिनका एक साथ मिलकर करना करना मुश्किल होगा।
समिति के गठन और सदस्यों की संख्या कम करने के सुझाव को लेकर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष ने दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव के के शर्मा को भी पत्र लिखा है।