सुरक्षा एजेंसियां और दिल्ली पुलिस छोटा राजन की सुरक्षा में किसी तरह की कोताही नहीं बरतना चाह रही है । इसी वजह से बृहस्पतिवार को तिहाड़ लाने से पहले छोटा राजन की दो डमी लेकर पुलिस आई।
जब सुरक्षा एजेंसियां इस बात से संतुष्ट हो गई कि अब किसी प्रकार कोई खतरा नहीं है तब जाकर तीसरी बार में डॉन को तिहाड़ लाया गया। तिहाड़ सूत्रों के मुताबिक दिल्ली पुलिस के कमांडो के साथ-साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियों का दस्ता शाम पांच से साढ़े पांच बजे के बीच दो बार छोटा राजन की डमी लेकर तिहाड़ पहुंचा।
खतरे का अंदेशा खत्म होने के बाद तीसरी बार में छोटा राजन को तिहाड़ जेल संख्या दो ले जाया गया। छोटा राजन को तिहाड़ में सबसे सुरक्षित जगह जेल संख्या दो के हाई सिक्योरिटी वार्ड में रखा गया है। इस वार्ड में कुल 10 सेल हैं, जिसमें फिलहाल छोटा राजन को ही रखा गया है।