दिल्ली में श्री अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति सम्मान पाकर लौटे गाजियाबाद के हिमांशु राठौर बेहद खुश हैं। इस खुशी ने एक नंबर से जिले में टॉप न कर पाने का मलाल भी धो दिया है।
यूपी बोर्ड की दसवीं की परीक्षा में एसएसडी इंटर कॉलेज के छात्र हिमांशु राठौर सेकेंड टॉपर रहे हैं। हिमांशु ने श्री अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा पास की और छह राज्यों के 36 मेधावी छात्रों के बीच अपनी जगह बनाई। उन्हें अन्य मेधावी छात्रों के साथ केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी द्वारा नई दिल्ली में सम्मानित किया गया।
सम्मान पाकर गाजियाबाद लौटे हिमांशु राठौर ने अपना सुखद अनुभव सांझा किया। हिमांशु ने बताया कि उन्होंने पहले भी कई छात्रवृत्ति परीक्षाएं पास की हैं, लेकिन उन सब से ज्यादा अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा में मजा आया। यह एक अलग अनुभव था। मंच पर सम्मान तो मिला ही दिल्ली भी घुमाया गया।
छात्रवृत्ति के साथ ही प्रधानमंत्री का संदेश और स्मृति ईरानी की शुभकामनाओं ने हौसला बढ़ाया। अब उन्होंने आगे की पढ़ाई में और मेहनत करने का संकल्प लिया है।
कार्यक्रम में दिल्ली में लालकिला, इंडिया गेट, राष्ट्रपति भवन और राजघाट घूमने का अलग ही आनंद था। अब उनका सपना बारहवीं टॉप कर आईआईटी करना है। फिलहाल वह अभी 11 वीं के छात्र हैं।