पलवल से गाजियाबाद होते हुए कुंडली तक जाने वाली ईस्टर्न पैरीफेरल एक्सप्रेस के लिए प्रभावित किसानों को अब दोगुना मुआवजा मिलेगा।
प्रभावित किसानों ने इस बाबत केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर से मुलाकात की और उन्हें अवगत कराया। राज्यमंत्री ने मुख्यमंत्री से वार्ता कर किसानों को दोगुना मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया है।
ज्ञात हो कि ईस्टर्न पैरीफेरल के लिए हुडा सरकार ने किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया था। जमीन का मुआवजा 28 लाख रुपये प्रति एकड़ निर्धारित किया था। कम मुआवजा होने से किसानों में रोष था।
उन्होंने कई बार हुडा सरकार से अपील की लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। किसानों ने इस मुद्दे पर केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर से मुलाकात कर उनसे हस्तक्षेप कर मुआवजा राशि बढ़वाने की अपील की।
गुर्जर ने मुख्यमंत्री से वार्ता कर किसानों की समस्याओं को अवगत कराया। इस पर मुख्यमंत्री ने पलवल के प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि 72 लाख रुपये प्रति एकड़ जबकि फरीदाबाद के किसानों को 75 लाख रुपये प्रति एकड़ देने का निर्णय लिया है। मुआवजा बढने से पलवल के 17 और फरीदाबाद के नौ गांवों के किसानों को फायदा होगा।