दिल्ली की तिहाड़ जेल में तलाशी अभियान के दौरान मोबाइल, चार्जर और सिम मिलने पर कार्रवाई के डर से कैदी भड़क गए। इसके बाद कैदियों ने एक-दूसरे पर हमला बोलने के साथ ही खुद को भी चोट पहुंचाई। मारपीट के दौरान करीब 21 कैदी घायल हो गए, जिनमें से 17 कैदियों को जेल के अस्पताल और चार को डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, तिहाड़ की जेल संख्या-आठ में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने की सूचना पर बुधवार शाम 5.20 बजे के करीब तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान जेल प्रशासन को एक की-पैड मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके कुछ देर बाद जेल के सीसीटीवी कंट्रोल रूम में कैदियों की संदिग्ध गतिविधि देखी। इसके बाद फिर तलाशी ली गई तो सिम कार्ड और मोबाइल चार्जर बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान एक और कैदी ने की-पैड मोबाइल फोन रखने की बात स्वीकार की।
उस छिपे फोन की बरामदगी के दौरान जेल कर्मियों के बैरक में पहुंचने पर अन्य कैदियों ने उसे मोबाइल फोन उन्हें न सौंपने के लिए कहा। इसके साथ ही कैदियों ने जेल के कर्मचारियों के साथ भी अभद्रता की। इस बीच कैदियों ने जेल प्रशासन को डराने के लिए खुद को चोट पहुंचाने लगे। जिसमें करीब 21 कैदी घायल हो गए हैं। घायल कैदियों का उपचार चल रहा है।