दो कारों में सवार करीब आठ रईसजादों ने बुधवार रात एनएच-24 के पास खूब हुड़दंग मचाया। शराब के नशे में धुत कार सवारों ने एबीईएस कट के पास एक लेडी कार चालक से छेड़छाड़ की, फिर दूसरी कार में टक्कर मार दी।
राहगीरों की सूचना पर पहुंचे लेपर्ड पर तैनात पुलिसकर्मियों ने आरोपियों को रोका तो उनसे हाथापाई की, फिर कुछ दोस्तों को बुलाकर उनकी पिटाई की। हालांकि बाद में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, उनके साथी भागे हुए हैं। आरोपियों में तीन ग्रेजुएशन छात्र हैं।
क्रॉसिंग्स रिपब्लिक चौकी इंचार्ज राकेश पुंडीर ने बताया कि घटना बुधवार देर रात की है। दो लग्जरी कारों में करीब आठ युवक नशे में थे और राहगीरों पर कमेंट्स कर रहे थे।
इसी दौरान कार सवारों ने नोएडा से लौट रही एक लेडी कार चालक पर भी फब्तियां कसीं और छेड़छाड़ की। महिला ने इसकी शिकायत कंट्रोल रूम में की और वहां से चली गई।
कार सवार बाज नहीं आए और उन्होंने एक राहगीर की कार में टक्कर मार दी। दोनों के बीच नोकझोंक होने लगी। इस दौरान लैपर्ड पर तैनात दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और कार सवारों से पूछताछ करने लगे।
आरोप है कि कार चालकों ने साथियों को बुलाकर लैपर्ड पर तैनात पुलिसकर्मियों से मारपीट की। पुलिसकर्मियों की सूचना पर एसआई विक्रम के साथ राकेश पुंडीर भी पहुंचे और आरोपियों को पकड़ा। पकडे़ गए आरोपी मितेंद्र, धीरेंद्र, मुकुल, शाहिद और अक्षय हैं। सभी कविनगर के रहने वाले हैं।