दिल्ली के मंत्री राजकुमार आनंद के घर ईडी की रेड खत्म हो गई है। रेड के बाद मंत्री राज कुमार आनंद ने कहा कि छापामारी सिर्फ लोगों को परेशान करने का एक बहाना है। उन्हें (ईडी) तलाशी के दौरान कुछ नहीं मिला। उन्हें ऊपर से आदेश मिला है...मुझे लगता है कि इस देश में सच बोलना और गरीबों के लिए राजनीति करना पाप है।
प्रवर्तन निदेशालय ने कल छापा मारा था। शराब घोटाले के सिलसिले में ईडी ने कल दिल्लीके मुख्यमंत्री को भी पूछताछ के लिए बुलाया था पर वे नहीं गये थे। केजरीवाल ने ईडी के समन के अनुचित बताया था और मध्यप्रदेश में रैली करने चले गये थे। कल सवेरे ही ईडी ने दिल्ली के मंत्री आनंद के घर छापा मारा था।
बताया जा रहा है कि राजकुमार आनंद के घर पर छापेमारी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुई है। राजकुमार आनंद दिल्ली सरकार में समाज कल्याण मंत्री हैं। शराब घोटाले व मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आप के तीन नेता गिरफ्तार होने के बाद जेल में हैं। दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आप सांसद संजय सिंह को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया था।